नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में लगभग 100 मिनट के अपने संबोधन के दौरान विपक्ष द्वारा लगाए गए विवादित नारों पर जमकर पलटवार किया। बिना नाम लिए राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा कि एक तरफ ‘मोहब्बत की दुकान’ का दावा किया जाता है और दूसरी तरफ देश के प्रधानमंत्री की कब्र खोदने के संकल्प लिए जाते हैं।
गालियां ही मेरी ताकत – पीएम मोदी
सदन में अपने चिर-परिचित अंदाज में पीएम ने कहा, “मुझसे अक्सर लोग मेरी सेहत का राज पूछते हैं। मैं उन्हें कहता हूं कि मैं रोज 2 किलो गाली खाता हूं। पिछले 25 वर्षों से संसद का एक भी सत्र ऐसा नहीं गया, जिसमें मुझे गाली न दी गई हो।” उन्होंने कहा कि ‘कब्र खोदने’ का नारा महज एक नारा नहीं, बल्कि विपक्ष के भीतर भरी नफरत का प्रतिबिंब है।
विपक्ष की चिढ़ की असली वजह
प्रधानमंत्री ने गिनाया कि आखिर क्यों विपक्ष उनके खिलाफ इस कदर हमलावर है। उन्होंने कहा हमने 370 की दीवार गिराई, जिससे उन्हें तकलीफ है। पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों को जवाब दिया और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया। 18 हजार गांवों में बिजली पहुंचाई और माओवादी आतंक से देश को मुक्ति दिलाई। हमने सिंधु जल समझौते को सस्पेंड करने जैसा साहसिक कदम उठाया, जो इन्हें रास नहीं आ रहा।
‘रिमोट कंट्रोल’ और ‘पुश्तैनी चोरी’ पर तंज
कांग्रेस पर सीधा हमला करते हुए पीएम ने कहा कि जो लोग खुद रिमोट से सरकार चलाते थे, उन्हें समझ नहीं आता कि मोदी की सरकार 140 करोड़ जनता के रिमोट से चलती है। उन्होंने तंज कसा कि जिनका पुश्तैनी काम ही चोरी करना है और जिन्होंने ‘गुजराती सरनेम’ तक नहीं छोड़े, वे आज नैतिकता की बात कर रहे हैं।
जागीर नहीं है प्रधानमंत्री का पद
पीएम ने अंत में भावुक होते हुए कहा कि कांग्रेस के ‘प्रथम परिवार’ को लगता है कि प्रधानमंत्री का पद उनकी निजी जागीर है। वे यह पचा नहीं पा रहे हैं कि एक गरीब का बेटा इस पद पर कैसे बैठा है। पीएम ने स्पष्ट किया कि उन्हें करोड़ों माताओं, बहनों और गरीबों का आशीर्वाद प्राप्त है, जो उनकी सबसे बड़ी ढाल है।
- आगरा जिलाधिकारी का सख्त निर्देश: होटलों को 10 और अस्पतालों को 20 प्रतिशत ही मिलेंगे व्यावसायिक सिलेंडर - March 25, 2026
- फतेहपुर सीकरी को बड़ी सौगात: ₹28.15 करोड़ की लागत से बना अकबरा-पनवारी ओवरब्रिज शुरू, विधायक चौधरी बाबूलाल ने किया लोकार्पण - March 25, 2026
- आगरा के जैतपुर में ‘दबंगई’ का तांडव: पेट्रोल पंप पर मामूली विवाद के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग, दहशत में इलाका - March 24, 2026