Dr. Bhanu Pratap Singh
Live Story Time
Agra, Uttar Pradesh, India, Bharat. मेरे पास सूचना आई कि 14 अक्टूबर, 2024 को राज्यसभा सांसद और रक्षा मंत्रालय की स्थाई संसदीय समिति के सदस्य नवीन जैन का जन्मदिन है। वही नवीन जैन को आगरा के महापौर भी रहे हैं। नगर निगम आज तक नवीन जैन की प्रच्छाया से बाहर नहीं निकल सका है। इसलिए उत्सुकता हुई कि देखते हैं जन्मदिन मनाने भाजपा कार्यकर्ता आते हैं या बाहर के लोग। मैं देख रहा हूँ कि भाजपा जनप्रतिनिधियों के पास मूल कार्यकर्ता कम और अन्य दलों के लोग अधिक आते हैं। इसी उत्सुकता के साथ नवीन जैन के शास्त्रीपुरम स्थित आवास पर पहुंचा।
आवास के बाहर सड़क होर्डिंग से पटी हुई थी। विशालकाय होर्डिंग यूपीएसआईडीसी तक लगे हुए थे। बाहर दुपहिया और चारपहिया वाहन खड़े हुए थे। वाहनों से जाम की स्थिति बनी हुई थी। कार्यालय का विशाल द्वारा खुला हुआ था। मैं अंदर घुसा तो टेंट लगा हुआ था। कुर्सियां बिछी हुई थीं। जलपान का भी इंतजाम था। मैं कार्यालय में गया तो वहां बैठने को स्थान नहीं थी। कई परिचित मिल गए। सबसे राम-राम हुई।

मैंने देखा कि किसी के हाथ में मोतियों की माला, किसी के हाथ में गुलाब के फूल की माला तो किसी के हाथ में इलाइची की माला थी। आगरा में इलाइची की माला के जनक सुनील जैन हैं। अब तो इलाइची की माला नकली भी आने लगी है। कोई बगल में साफा दबाए हुए था। कोई थैले में अलंकृत तस्वीर लिए हुए था। सब एकदूसरे से पूछ रहे थे कि सांसद जी कब तक आ रहे हैं।

कुछ ही क्षण में सांसद नवीन जैन आ गए। वे अपने कार्यालय में नहीं गए। टेंट की ओर आने लगे। उन्हे देखते ही ढोल बजने लगा। मैं जब पहुंचा तो ढोल वाले दिखाई नहीं दे रहे थे। अचानक ढोल बजा तो मुझे आश्चर्य हुआ। पता चला कि भाजपा कार्यकर्ता ही ढोल लेकर आए हैं। जो लोग नवीन जैन की प्रतीक्षा में कार्यालय में बैठे थे, वे बाहर की ओर भागे। थैली से माला और साफा निकाले। नवीन जैन जिंदाबाद, भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद की गूंज करने लगे।
पहले माला पहनाने और फोटो खिंचवाने के लिए धक्का-मुक्की होने लगी। देखते ही देखते नवीन जैन को साफा और पुष्पहारों से लाद दिया। इतने पुष्पहार कि चेहरा दिखना बंद हो गया। फिर उन्होंने पुष्पहार उतारकर अपने सहायक को दिए। वे पुष्पहार उतारते रहे और भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता पहनाते रहे।

इधर माला पहनाई जा रही थी, उधर आतिशबाजी हो रही थी। मैंने आतिश चलाने वाले से पूछा कि कौन लेकर आया है तो उनसे एक कार्यकर्ता की ओर इशारा कर दिया। मुझे लग रहा था कि सांसद नवीन जैन ने आतिशबाजी की व्यवस्था की होगी।
आमतौर पर जब कोई नेता आता है तो उसे एक विशाल माला पहनाई जाती है। यहां तो स्थित उलट थी। पूरी 17 मालाएं पहनाई गईं। नवीन जैन के साथ इन मालाओं में घुसकर फोटो खिंचवाने का आनंद ही कुछ और है।

दो लोग चांदी के मुकुट लेकर आए थे। मैंने देखा कि एक व्यक्ति तो चांदी का मुकुट पहनाने के बाद फोटो खिंचवाते समय मुकुट पर हाथ लगाए हुए थे।
अनेक लोग तो ऐसी तस्वीरे लेकर आए थे, जिनमें वे नवीन जैन के साथ थे। प्राचीन स्मृतियां ताजा करने और अपनी स्मरण सदैव कराते रहने के लिए ये तस्वीरें भेंट कीं।
अनेक लोग केक लेकर आए। सबसे पहले अनिल सारस्वत और रवि सारस्वत ने केक कटवाया। पार्षद प्रदीप अग्रवाल तो हर बार कुछ नया करते हैं। वे केक के स्थान पर एक थाल में मिल्क केक जमवाकर लाए थे। ऊपर से काजू चिपके हुए थे। कुछ ऐसी सजावट थी कि मधुमेह पीड़ित भी स्वयं को खाने से रोक न सके। नवीन जैन ने यह मिल्क केक काटा और खाया भी।

खास बात यह है कि इक्का-दुक्का-तिक्का लोगों से अधिक कार्यकर्ताओं के झुंड के झुंड आए। साथ में ढोल लेकर आए। नाचते हुए आए। नवीन जैन जिंदाबाद कहते हुए आए।
मुझे लग रहा था कि अधिक से अधिक एक घंटा में स्वागत और बधाई का क्रम निपट जाएगा। यह क्या, दो घंटा, तीन घंटा, साढ़े तीन घंटा हो गए। बधाई देने वाले लगातार आए जा रहे थे। फिर मैंने सोचा कि जलपान करके खिसकते हैं। मैंने खबर लिखने से पूर्व शाम चार बजे फोन किया तो पता चला कि सांसद जी कार्यालय में बैठे हुए हैं क्योंकि बधाई देने वाले लगातार आ रहे हैं।

नवीन जैन के 15 दिन में ही तीन कार्यक्रम हो गए। जब उन्हें रक्षा मंत्रालय की संसदीय स्थाई समिति का सदस्य बनाया गया, हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत हुई और अब जन्मदिवस समारोह। तीनों कार्यक्रमों में बधाई देने वालों की संख्या अधिक रही।

मेरे मन में एक सवाल आया कि आखिरकार नवीन जैन ने कार्यकर्ताओं को कौन सी घुट्टी पिलाई है। इसका जवाब भी कार्यकर्ताओं ने अपने संबोधन में दिया। कार्यकर्ताओं को खुशी इस बात की है कि पार्टी ने कार्यकर्ता को सम्मान दिया है। नवीन जैन धनबल में नम्बर एक हैं। फिर भी जमीन पर ही रहते हैं। वे कार्यकर्ताओं में कोई भेदभाव नहीं करते हैं। कई कार्यकर्ताओं ने नवीन जैन की सदाशयता के किस्से सुनाए। महापौर के रूप में आगरा में किए गए विकास कार्यों को गिनाया।

उत्तर प्रदेश भाजपा के मंत्री और एमएलसी विजय शिवहरे ने कहा कि नवीन जैन कार्यकर्ता से नेता बने हैं और इसी कारण कार्यकर्ताओं में उनके जन्मदिन का उल्लास है। नवीन जैन ने महापौर के रूप में आगरा में विकास का पहिया घुमाया है। भाजपा जगन्नाथ का रथ है, इसे चलाने के लिए हो सकता है नवीन जैन को बड़ी जिम्मेदारी मिल जाए।

भाजपा के बृज क्षेत्र के नेता राहुल चौधरी, मनीष गौतम, अनिल सारस्वत, राजकुमार गुप्ता, वीरेंद्र अग्रवाल, डॉ. राजीव जैन, राकेश जैन परदे वाले, प्रवीन जैन, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट प्रशिक्षक रीनेश मित्तल, ओम प्रकाश सागर, डॉ. अशोक अग्रवाल आदि ने नवीन जैन से संबंधित व्यक्तिगत अनुभव सुनाए।
भाजपा बृज क्षेत्र कोषाध्यक्ष वीरेंद्र अग्रवाल ने बताया कि नवीन जैन को 2014 में आगरा लोकसभा क्षेत्र से टिकट मिलना प्रस्तावित था। इनके भाई चक्रेश जैन ने टिकट नहीं मिलने दिया। इस कारण मेरी चक्रेश जैन से लड़ाई भी हुई थी।

उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष अशफाक सैफी ने कहा कि जब नवीन जैन को पार्टी ने मेयर का टिकट दिया तो शहर में अफवाह फैलाई गईं कि वे कुत्ते पालते हैं, कोई मिल नहीं सकता है आदि-आदि। बाद में ये सारे भ्रम दूर हो गए। नवीन जैन ने आगरा की गली-गली में विकास कार्य कराकर कीर्तिमान स्थापित कर दिया।

स्वागत से अभिभूत नवीन जैन ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार प्रकट किया। सभी से आह्वान किया कि भाजपा का सदस्यता अभियान पूरा करें। हजारों लोगों के आने के संबंध में कहा कि जनता का प्यार है। 2017 में महापौर का चुनाव 75 हजार वोटों से जिताया और आगरा के विकास में निरंतर सहयोग किया। वही सहयोग आगरा की जनता का मेरे साथ आज भी है। इसका प्रमाण 9.30 बजे से निरंतर आ रहे लोग हैं। इतनी भीड़ क्या यह संदेश नहीं दे रही है कि आपको लोकसभा चुनाव लड़ना चाहिए था, सवाल पर नवीन जैन ने कहा कि मैं भाजपा का सिपाही हूँ। पार्टी नेतृत्व के आदेश पर काम करता हूँ।

विधायक और पूर्व मंत्री डॉ. जीएस धर्मेश, पार्षद शरद चौहान, वीरेंद्र राजपूत, गौरव शर्मा, मुरारीलाल गोयल, पूर्व पार्षद अमित ग्वाला, आशीष पाराशर, संजय राय, गौरव जैन चौधरी, सुषमा जैन, संजय अग्रवाल, नागेश पंडित, शैलू पंडित, मुनेंद्र जादौन, जगदीश पचौरी, अनिरुद्ध भदौरिया, एकता जैन, श्याम सलोने वशिष्ठ, संजीव चौबे, यादवेंद्र शर्मा, नवीन गौतम, सहदेव शर्मा, राजकुमार खंडेलवाल, नीरज गुप्ता, दीनदयाल मंडल अध्यक्ष मनोज बघेल, रवि सारस्वत, देवेश अग्रवाल, इमरान कुरैशी, महेश निषाद, बबलू गोयल माना कैटर्स, वीरेंद्र कनवर आदि के नाम उल्लेखनीय हैं।

आगरा दिगंबर जैन परिषद के अध्यक्ष जगदीश जैन अध्यक्ष, सुनील जैन महामंत्री, मुकेश अग्रवाल नेचुरल, नेशनल चैम्बर के पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, आरोही के अमित तिवारी, भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता आदि ने जबरदस्त स्वागत किया।
डॉ. भानु प्रताप सिंह की पुस्तकें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- India vs Sri Lanka Physical Disability T20 Series Grows with Wilspoke Sports’ Commitment to Inclusive Cricket - April 17, 2025
- विश्व विरासत दिवस: अपनी पहचान के लिए संघर्षरत आगरा को कब मिलेगा विरासत का ताज? - April 17, 2025
- Agra News: गढ़ी रामी में डीजे की आवाज को लेकर बवाल, दूल्हे समेत बारातियों की दबंगों ने की पिटाई - April 17, 2025