आगरा: संजय प्लेस स्थित श्री पूर्व मुखी श्री हनुमान मंदिर में रविवार को ‘प्रथम जीर्णोद्धार दिवस महोत्सव’ अत्यंत श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर मंदिर को भव्य फूलों के बंगले और आकर्षक पोशाक से अलंकृत किया गया, जिसने भक्तों का मन मोह लिया।
महोत्सव के दौरान आयोजित दिव्य भजन संध्या में ‘नियासरी म्यूजिकल एंड इवेंट ग्रुप’ की प्रस्तुतियों ने संजय प्लेस को भक्तिमय बना दिया। भजन गायकों में नेहा अग्रवाल, अमित बृजवासी एवं त्रिलोकी शर्मा ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे उपस्थित श्रोता भक्ति के रस में सराबोर हो गए।
इस अवसर पर राधा-कृष्ण और शिव-पार्वती की जीवंत झांकियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, संकट मोचन हनुमान जी के स्वरूप द्वारा प्रभु श्री राम के आह्वान की झांकी ने सभी का ध्यान आकर्षित किया, जिसमें प्रभु श्री राम (रामलला) के स्वरूप ने भक्तों को दिव्य दर्शन और आशीर्वाद प्रदान किया।
आयोजन समिति ने बताया कि पिछले वर्ष यह प्राचीन मंदिर जीर्ण-शीर्ण अवस्था में था, जिसे संजय प्लेस वासियों के सामूहिक सहयोग से भव्य रूप दिया गया। आज यह मंदिर क्षेत्र में आस्था और भक्ति के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित हो चुका है।
इस गरिमामयी आयोजन को सफल बनाने में आयोजन समिति के राजेश अग्रवाल (राजू भाई), मुरारी प्रसाद अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, मनीष अग्रसेना, विजय गुप्ता, नितिन मित्तल, नितिन आसवानी, मोनू भाई, योगेश गर्ग, रवि अग्रवाल, पंडित श्रवण कुमार, लवकेश अग्रवाल और रिनी मित्तल आदि का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के समापन पर सभी भक्तगणों का अभिनंदन किया गया और प्रसादी वितरित की गई।
- आगरा के बल्केश्वर में यमुना तट पर 18वें श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का भव्य आगाज: भूमि पूजन, हवन और सुंदरकांड पाठ के साथ गूंजे भक्ति के स्वर - September 1, 2026
- यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक की पत्नी के भाई राजीव कुमार त्रिपाठी ने किया समाजवादी पार्टी के समर्थन का ऐलान, बोले— पारिवारिक रिश्ते अपनी जगह, लेकिन… - September 1, 2026
- गेंद जितनी ऊपर जानी थी गई, अब नीचे आ रही है…पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर की सोशल मीडिया पोस्ट ने बढ़ाई राजनीतिक हलचल - September 1, 2026