आगरा: आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर आज गुरुवार की सुबह यात्रियों ने हंगामा कर दिया। हंगामे का कारण रेलवे की एक बड़ी लापरवाही रही। रेलवे दिल्ली से चलने वाली मंगला एक्सप्रेस ट्रेन में एस-8 कोच लगाना ही भूल गया। परेशान यात्रियों ने हंगामा करते हुए निजामुद्दीन से एर्नाकुलम को जाने वाली मंगला एक्सप्रेस को स्टेशन पर ही रोक लिया।
ट्रेन संख्या 12618 दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से चलकर सुबह साढ़े आठ बजे आगरा कैंट पहुंची। यहां से कुछ यात्रियों को एस-8 कोच में बैठना था। प्लेटफॉर्म पर ट्रेन के रुकने के बाद उन्होंने एस-8 कोच देखा, लेकिन उन्हें कोच नहीं मिला। वे परेशान होकर इधर-उधर भागने लगे। तभी ट्रेन चलने लगी। यात्रियों ने चेन खींचकर ट्रेन को रोक दिया। हंगामा करने लगे।
दूसरी बोगियों में बैठे एस-8 के यात्री भी उतर आए और ट्रेन में कोच न होने पर हंगामा करने लगे। यात्रियों के हंगामा करने की जानकारी पर रेलवे स्टेशन डायरेक्टर व अन्य अधिकारी आ गए। यात्रियों ने बताया कि कोच में एस-8 में उनका रिजर्वेशन है। ट्रेन में कोच नहीं है तो वे किस कोच में बैठेंगे। काफी देर तक हंगामा हुआ। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को समझा बुझाकर शांत किया। उनके ट्रेन में बैठने की व्यवस्था की गई। इसके बाद करीब साढ़े नौ बजे ट्रेन रवाना हुई।
यात्रियों ने बताया कि उन्होंने जब टिकट बुक किया था, तब उनको एस-8 में कन्फर्म टिकट मिला था। अब उनके पास मैसेज आया कि उनकी टिकट वेटिंग और आरएसी में है। दिल्ली से उन्हें आगरा में कोच लगाने की बात कही गई थी।
रेलवे अधिकारियों ने ट्रेन को यहां से रवाना कर दिया। मगर, आगे स्टेशनों पर भी यात्रियों को परेशानी होगी। कोच न होने के चलते कंफर्म रिजर्वेशन वाले यात्री कोच की तलाश करेंगे।
आगरा रेल मंडल की पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव का कहना है कि अगस्त माह से ट्रेन में एस-8 कोच हटा दिया गया है। ट्रेन एस-7 कोच के साथ चल रही है। यात्रियों की टिकट वेटिंग में थी। वे सीट की मांग कर रहे थे।
- गणेश महोत्सव का दूसरा दिन: स्वर्ण मुकुट, कुंडल और लाल वस्त्रों में सजे महागणपति के दिव्य स्वरूप ने मोहा भक्तों का मन - September 15, 2026
- आगरा के जनकपुरी महोत्सव को मिला 12 करोड़ का ऐतिहासिक विकास बजट, महापौर हेमलता दिवाकर ने क्षेत्र में विभिन्न कार्यों का किया उद्घाटन - September 15, 2026
- 3,400 करोड़ के मालिक बीजेपी विधायक बने ‘भिखारी’: सड़क पर उतरकर मांगी भीख, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान - September 15, 2026