yogendra upadhyay

आगरा विकास मंच के निःशुल्क हृदय रोग महाशिविर में 3 माह की बच्ची देख यूपी सरकार के मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय हुए भावुक

HEALTH

200 मरीज देखे, 30 का होगा ऑपरेशन, फ्री ओपीडी शुरू होगी

कैबिनेट मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने मंच के कार्यों को सराहा

अभी पाक्षिक चलेगी ओपीडी, दिल्ली के चिकित्सक देंगे सेवा

1000 में 3 बच्चों के हृदय में छेद की बीमारीः नीरज अवस्थी

Live Story Time

Agra, Uttar Pradesh, India. भगवान महावीरप स्वामी के जन्मकल्याण की पूर्व वेला पर आगरा विकास मंच ने जैन दादाबाड़ी शाहगंज आगरा में निःशुल्क हृदय रोग महाशिविर लगाया। शिविर में दिल्ली से आए हृदय रोग विशेषज्ञों ने 200 से अधिक मरीज देखे। ईको, ईसीजी, रक्त समेत सभी जांचें निःशुल्क की गईं। इनमें से बच्चों और बड़ों समेत 30 मरीजों का ऑपरेशन के लिए चयन किया गया। इसके साथ ही मरीजों को हृदय रोग से बचाव के उपाय सुझाए गए। स्वस्थ लोगों को सलाह दी गई कि किस प्रकार से हृदय की देखभाल करनी है। शिविर प्रातः 8 बजे से अपराह्न एक बजे तक चलना था। मरीज अधिक संख्या में आ गए इसलिए शिविर शाम 5 बजे तक चला। दिल्ली के चिकित्सक भी शाम तक जमे रहे। डॉ. बीके अग्रवाल, डॉ. अरुण जैन, डॉ. विजय कत्याल ने प्रातः आठ बजे आकर मरीजों की स्कैनिंग की। वे आगे भी मरीजों का परीक्षण करते रहेंगे। मंच ने हृदय रोग की पाक्षिक ओपीडी शुरू करने की घोषणा की।

 

शिविर का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने भगवान महावीर और मंच के संस्थापक अध्यक्ष अशोक जैन सीए के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने संबोधन में कहा कि आगरा विकास मंच बच्चों का जीवन बचाने के लिए सराहनीय कार्य कर रहा है। अशोक जैन सीए के बाद उनके दोनों भाई राजकुमार जैन और सुनील कुमार जैन उनके कार्य को जिस प्रकार आगे बढ़ा रहे हैं, वह अतुलनीय है। मैं गौरवान्वित हूँ कि कार्यकर्ता के रूप में सेवा कर रहा हूँ। उन्होंने कहा कि यूपी सरकार भी स्वास्थ्य के क्षेत्र में श्रेष्ठ कार्य कर रही है।

 

एस्कॉर्ट फोर्टिस हॉस्पिटल ओखला दिल्ली से आए बाल हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. नीरज अवस्थी ने कहा कि 1000 में 3 बच्चों के हृदय में छेद होता है। इन बच्चों को अस्पताल तक पहुंचना और इलाज होना असंभव है और इस असंभव काम को आगरा विकास मंच संभव कर रहा है। इस सेवा कार्य में हम भी सहयोगी बन जाते हैं। हॉस्पिटल और चिकित्सक व्यक्तिगत रूप से मदद करते हैं। सेवा भाव के चलते ही मैं पिछले 25 साल से मंच से जुड़ा हुआ हूँ।

agra vikas manch
आगरा विकास मंच के हृदय रोग महाशिविर में हार्ट ऑपरेशन के लिए चयनित मरीजों के साथ मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय एवं अन्य।

मैक्स हॉस्पिटल दिल्ली से आए वरिष्ठ कॉर्डियोलॉजिस्ट डॉ. सीपी घोष ने मंच के सेवा कार्य को सराहा। उन्होंने प्रारंभ में डॉ. नरेश त्रिहान के साथ काम किया है।

 

आगरा विकास मंच के अध्यक्ष राजकुमार जैन ने मंचासीन महानुभावों का परिचय कराया। उन्होंने डॉ. नीरज अवस्थी, डॉ. विवेका कुमार, डॉ. राहुल चंदोला जैसे चिकित्सक भगवान महावीर के आदर्शों पर काम कर रहे हैं। मंच अब तक 2000 लोगों का हार्ट ऑपरेशन करवा चुका है, जिसमें इन चिकित्सों का महती योगदान है। श्री जैन ने योगेन्द्र उपाध्याय को तीन माह की बच्ची दिखाई, जिसके हृदय का ऑपरेशन कराया गया है। श्री उपाध्याय बच्ची को देख भावुक हो गए।

 

मंच के संयोजक सुनील जैन ने बताया कि आगरा में हृदय रोग पीड़ितों के लिए माह में दो बार निःशुल्क ओपीडी शीघ्र शुरू की जाएगी। ओपीडी में दिल्ली से डॉ. नीरज अवस्थी, डॉ. राहुल चंदोला, डॉ. विवेका कुमार आदि जाने-माने हृदय रोग विशेषज्ञ सेवाएं देंगे। शीघ्र ही ओपीडी को नियमित किया जाएगा।

 

नेशनल चैम्बर के पूर्व अध्यक्ष अनिल वर्मा ने एडवोकेट ने कहा कि अशोक जैन सीए ने आगरा में जो सेवा कार्य शुरू किया था, उसे उनके दोनों भाई राजकुमार और सुनील कुमार जैन गति के साथ आए बढ़ा रहे हैं। धन्यवाद देते हुए डॉ. सुनील शर्मा ने स्वयं को मंच का कार्यकर्ता बताया। संचालन मंच के महामंत्री सुशील जैन ने किया। प्रवक्ता संदेश जैन ने मंच के क्रियाकलापों से अवगत कराया।

 

डॉ. सुनील शर्मा, डॉ. रमेश धमीजा, डॉ. बीके अग्रवाल, डॉ. विजय कत्याल, डॉ. अरुण जैन, डॉ. विजय पालीवाल, डॉ. गौरव शर्मा, डॉ. विकास जैन,  डॉ. मानव आदि ने शिविर में सेवाएं दीं। राजेश गोयल, शांति दूत बंटी ग्रोवर, राकेश जैन, बृजमोहन समर्पण ब्लड बैंक, सुनील विकल, महेन्द्र जैन, डॉ. प्रांजल माहेश्वरी, डॉ. नेहा सक्सेना, सोनी त्रिपाठी, मंच के सदस्य, आगरा विकास मंच और जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक श्रीसंघ के सदस्यों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

ताजमहल और पर्यटन के नाम पर सेक्स टूरिज्म की ओर बढ़ रहा आगरा, कोई है बचाने वाला

Dr. Bhanu Pratap Singh