आगरा। नाई की मंडी स्थित श्री प्रेमनिधि मंदिर में सोमवार को गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट प्रसादी का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। पुष्टिमार्गीय परंपरा के अनुरूप श्री ठाकुरजी के सन्मुख विविध प्रकार के पकवानों और व्यंजनों से अन्नकूट सजाया गया। भात के कोट के माध्यम से गोवर्धन पर्वत का प्रतीकात्मक स्वरूप प्रस्तुत किया गया। पूरे आयोजन में पुष्टिमार्ग की सेवा, समर्पण और वात्सल्य भाव की अनुपम झलक दिखाई दी।
मुख्य सेवायत हरिमोहन गोस्वामी और सुनीत गोस्वामी ने बताया कि पुष्टिमार्ग में अन्नकूट केवल भोग अर्पित करने का उत्सव नहीं, बल्कि इसे महायज्ञ का स्वरूप प्रदान किया गया। यह उत्सव भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत धारण कर ब्रजवासियों और गौवंश की रक्षा करने की लीला का स्मरण कराता है। इस अवसर पर गौसेवा और गोधन पूजन को विशेष महत्व देते हुए सर्वप्रथम गौमाता का पूजन किया गया।
उन्होंने बताया कि अन्नकूट में श्री ठाकुरजी के सन्मुख बीच में चावलों से भात का कोट सजाया गया, जो गोवर्धन पर्वत का प्रतीक बना। इसके चारों ओर सूखी घास का वृत्ताकार चक्र बनाया गया, जिसे प्रभु के मस्तक के प्रतीक स्वरूप सजाया गया। अन्नकूट की सामग्री को पुष्टिमार्गीय सेवा पद्धति के अनुसार दूधघर, अनसखड़ी और सखड़ी तीन भागों में व्यवस्थित किया गया।
दूधघर सामग्री में गुलाब जामुन, आलू की जलेबी, पेड़ा, काजू-अंजीर रोल, विभिन्न प्रकार की बर्फी, हलवा और मेवे के व्यंजन सजाए गए। अनसखड़ी में छोटी बूंदी, बूंदी के लड्डू, शक्करपारे, सेवइयां, उड़द के लड्डू, पूरी, मोहनथाल और नमकीन गांठिया शामिल किए गए। वहीं सखड़ी में दही भात, नींबू भात, मीठा भात सहित विभिन्न प्रकार के चावल, मूंग एवं तूर की दाल और कढ़ी का भोग अर्पित किया गया।
तीनों प्रकार की भोग सामग्री के चारों ओर हल्दी की मांड खींची गई, जिससे प्रत्येक सामग्री का स्थान और उसकी मर्यादा निर्धारित की गई। उत्सव में नवग्रह के भाव से नौ आरती भी की गईं।
पुष्टिमार्गीय मान्यता के अनुरूप अन्नकूट में प्रभु के प्रति अनन्य प्रेम, समर्पण और सेवा का भाव प्रमुख रहा। भक्तों ने अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार अन्न एवं विविध व्यंजन ठाकुरजी को अर्पित कर कृतज्ञता व्यक्त की और दुग्ध की धार के साथ परिक्रमा लगाई। आयोजन में दिनेश पचौरी, आशीष पचौरी, रानू पचौरी, राजेश धाकड़, सरदार सिंह धाकड़, यश शिवहरे, सोनू गुप्ता, श्यामजी शिवहरे, नरेश उपाध्याय, अजय गोयल आदि उपस्थित रहे।
- आगरा में दीपावली पर शराब बिक्री के सभी पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त; एक ही दिन में बिक गई 8 करोड़ रुपये की शराब, महंगे ब्रांड्स की रही धूम - November 9, 2026
- आगरा के श्री प्रेमनिधि मंदिर में अन्नकूट का भव्य आयोजन: पुष्टिमार्गीय परंपरा से सजा ठाकुरजी का दरबार, भात के कोट से साकार हुआ गोवर्धन पर्वत का दिव्य स्वरूप - November 9, 2026
- नागपुर में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा, “स्वयंसेवक ही संघ की असली पहचान हैं, स्थापना के 100 साल बाद भी यह परंपरा कायम” - November 9, 2026