बागेश्वर धाम के पंडित धीरेद्र कृष्ण शास्त्री पर उदयपुर पुलिस ने केस दर्ज किया है। एक दिन पहले नवसंवत्सर के उपलक्ष्य में हुई धर्मसभा में दिए बयान को लेकर यह केस दर्ज किया गया है। पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने सभा में लोगों से आह्वान करते हुए कहा था-राजसमंद जिले के कुंभलगढ़ किले में जो 100 हरे झंडे लगे हैं, वहां भगवा झंडा लगाओ। पुलिस ने इस बयान को भावनाएं भड़काने वाला बयान माना है।
शहर के हाथीपोल थाने में उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उदयपुर एसपी विकास शर्मा ने बताया कि बयान को भड़काऊ और विवादित मानते हुए एफआईआर दर्ज की गई है।
एक दिन पहले उदयपुर के गांधी ग्राउंड में गुरुवार को धर्मसभा का आयोजन किया गया था। इसमें पंडित धीरेंद्र शास्त्री के साथ मर्मज्ञ पंडित देवकीनंदन ठाकुर और बांसवाड़ा के संत उत्तम स्वामी सहित कई संत महात्मा मंच पर मौजूद थे। इसके अलावा धीरेंद्र शास्त्री ने उदयपुर में हुए कन्हैयालाल हत्याकांड को लेकर भी कहा था कि क्षमा कीजिए एक कन्हैयाल धोखे से चला गया। अब घर-घर कन्हैया बैठा है।
कुछ इस तरह दिया था बयान
पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने अपने बयान में कुंभलगढ़ किले में भगवा झंडा लगवाने का तीन बार जिक्र किया। उन्होंने कहा था-डरते तो हम किसी के बाप से नहीं हैं। डरते तो वो हैं जो बुजदिल हैं। हम तो वो हैं जो कुंभलगढ़ किले में ही भगवा झंड लगवाकर मानेंगे। युवाओं से आह्वान करते हुए कहा उन्होंने कहा था-तुम चाहते हो कि वहां भगवा झंडा गड़े, क्या यह बात सही है, अगर सही है तो क्यों चुप बैठे हो।
कुंभलगढ़ किले पर भगवा झंडा फहराने का प्रयास करने वाले 5 युवक गिरफ्तार
पुलिस ने कुंभलगढ़ किले पर भगवा झंडा लगाने का प्रयास करने वाले पांच युवकों को केलवाड़ा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह जानकारी उदयपुर के एएसपी चंद्रशील ठाकुर ने दी।
केलवाड़ा थानाधिकारी मुकेश सोनी के मुताबिक कुछ युवकों ने गुरुवार रात को किले पर जाकर भगवा झंडा फहराने का प्रयास किया था। इस पर उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उदयपुर के ब्रह्मपोल निवासी गौरव सिंह राणावत, बापूबाजार निवासी देवेंद्र उर्फ कपिल सालवी, अभिषेकनाथ, प्रिंस सिंह व खेरादीवाड़ा निवासी राजेंद्र सिंह खींची को गिरफ्तार किया है।
- खाद्य सुरक्षा समिति के सभापति बने विजय शिवहरे का आगरा में भव्य स्वागत: उद्यमियों ने कहा, मानक पूरे करने को तैयार, लेकिन उत्पीड़न नहीं सहेंगे - August 26, 2026
- आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ यूपी ने धूमधाम से मनाया प्रथम स्थापना दिवस: आयोजित हुआ भव्य समारोह, उठी ‘कलाकार बोर्ड’ गठन की मांग - August 26, 2026
- योगी सरकार का रक्षाबंधन पर महिलाओं को बड़ा तोहफा: 27, 28 और 29 अगस्त को यूपी रोडवेज और सिटी बसों में एक सहयात्री के साथ बिल्कुल फ्री सफर कर सकेंगी माताएं-बहनें - August 26, 2026