​यूपी विधानसभा में अपनी ही पार्टी के विधायकों पर भड़के स्पीकर सतीश महाना, माइक फेंक सदन से बाहर निकले

REGIONAL

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान शुक्रवार को एक अभूतपूर्व स्थिति देखने को मिली, जब विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना अपनी ही पार्टी (भाजपा) के विधायकों के व्यवहार से क्षुब्ध होकर सदन की कार्यवाही बीच में ही छोड़कर चले गए। तीखी नोकझोंक के बीच महाना इतने नाराज हुए कि उन्होंने अपना माइक और हेडफोन पटक दिया और कुर्सी से उठकर बाहर निकल गए।

विवाद की जड़: टोका-टोकी और शोर

सदन में लोक सेवा आयोग की भर्तियों से जुड़े गंभीर मुद्दे पर चर्चा चल रही थी। सपा विधायक रागिनी सोनकर के सवाल पर वित्त मंत्री सुरेश खन्ना जवाब दे रहे थे। जब रागिनी सोनकर ने पूरक प्रश्न पूछना शुरू किया, तो सत्ता पक्ष (भाजपा) के विधायकों ने शोर मचाना और हस्तक्षेप करना शुरू कर दिया।

केतकी सिंह को दी नसीहत

शोर-शराबे से नाराज स्पीकर सतीश महाना ने अनुशासन बनाए रखने की कोशिश की, लेकिन जब स्थिति नहीं संभली तो उन्होंने भाजपा विधायक केतकी सिंह का नाम लेकर तीखा कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, “क्या अब आप हाउस चलाएंगी? क्या आप सब लोगों को हाउस चलाना है?” इसके तुरंत बाद उन्होंने गुस्से में अपना हेडफोन और माइक मेज पर फेंका और सदन से बाहर चले गए।

अनुशासन के लिए जाने जाते हैं महाना

​कानपुर की महाराजपुर सीट से विधायक और वरिष्ठ भाजपा नेता सतीश महाना सदन में सख्त अनुशासन के लिए जाने जाते हैं। यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने अपनी ही पार्टी के विधायकों को मर्यादित रहने की नसीहत दी हो, लेकिन माइक फेंककर सदन छोड़ने की इस घटना ने सदन की गरिमा और अनुशासन पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

​सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे विपक्ष सरकार और सत्ता पक्ष की ‘बेलगाम’ कार्यशैली के तौर पर पेश कर रहा है। फिलहाल इस मामले पर अध्यक्ष की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Dr. Bhanu Pratap Singh