अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन पर रूस के हमले की निंदा की है और कहा है कि वो यूक्रेन के लोगों के लिए प्रार्थना कर रहे हैं.
इससे पहले जब रूस ने यूक्रेन में सैनिकों को भेजना शुरू किया था तब पुतिन के आदेश को ट्रंप ने ‘जीनियस’ बताया था.
साथ ही ये भी कहा था कि उनका मानना है कि अमेरिका भी अपनी दक्षिणी सीमा की रक्षा के लिए ऐसी ही ”पीसकीपिंग” सेना का इस्तेमाल कर सकता है.
न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़ अब फ्लोरिडा में एक सभा को संबोधित करते हुए ट्रंप ने रूस के हमले की निंदा की है और यूक्रेन के लोगों के लिए सहानुभूति जताई है.
उन्होंने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की की भी तारीफ़ की और उन्हें ”निडर नेता” बताया है.
अपने संबोधन के दौरान वो अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन पर भी निशाना साधते नज़र आए. अमेरिकी चुनावों में धांधली का आरोप लगाते हुए ट्रंप ने कहा कि अगर धांधली नहीं हुई होती तो ये संकट कभी आता ही नहीं.
उन्होंने कहा, “जैसा कि हर कोई जानता है, अगर हमारे चुनाव में धांधली नहीं होती और मैं राष्ट्रपति होता तो ये भयानक संकट कभी पैदा ही नहीं होता.”
डोनाल्ड ट्रंप ने पुतिन की तारीफ़ करने वाले अपने बयान का भी बचाव किया और कहा कि वो स्मार्ट हैं क्योंकि उन्होंने दुनिया के नेताओं और नेटो को मात दी है.
समाचार एजेंसी एएफ़पी की रिपोर्ट के मुताबिक़ ट्रंप ने कहा, “दिक्कत ये नहीं है कि पुतिन स्मार्ट हैं, वो बेशक स्मार्ट हैं लेकिन असली दिक्कत ये है कि हमारे नेता ‘डम्ब’ हैं.”
बता दें कि इससे पहले बाइडन एक इंटरव्यू में, ट्रंप के “जीनियस” वाले बयान का मज़ाक उड़ा चुके हैं.
-एजेंसी
- आगरा में थाना मंटोला पुलिस ने बच्चों और महिलाओं संग मनाई दीपावली; मिठाई, खील-खिलौने व उपहार बांटकर बिखेरी मुस्कान - November 7, 2026
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं: बोले— “अंधकार के खिलाफ हमारे संकल्प का प्रतीक है यह पर्व” - November 7, 2026
- “भैया, आज ही कार दिला दो वरना ये मार डालेंगे…”: मौत से पहले भाई को फोन कर गिड़गिड़ाती रही पूनम, फिर पति ने खुद फोन कर कहा— हमने मार दिया - November 7, 2026