आजमगढ़ में दर्दनाक हादसा: टायर फटने से बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर से टकराकर पलटा डीजल टैंकर, जिंदा जलने से चालक समेत तीन की मौत

REGIONAL

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में सोमवार (3 अगस्त) देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ डीजल से भरा एक अनियंत्रित टैंकर बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर से टकराकर पलट गया। इस भीषण टक्कर के बाद टैंकर में जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। इस भीषण हादसे में टैंकर पर सवार चालक, खलासी और मुनीब की मौके पर ही जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई।

टायर फटने से हुआ अनियंत्रित

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह डीजल टैंकर गोरखपुर से बिलरियागंज की तरफ एक पेट्रोल पंप पर जा रहा था। जैसे ही टैंकर जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मालटारी-मिर्जापुर स्थित विद्युत उपकेंद्र के समीप पहुँचा, अचानक उसका अगला टायर फट गया। टायर फटने से चालक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा और तेज रफ्तार टैंकर सड़क किनारे लगे हाई-वोल्टेज बिजली के खंभे तथा ट्रांसफार्मर से जा टकराया।

धमाके के साथ आग का गोला बना टैंकर

इस टक्कर के दौरान विद्युत तारों से निकले स्पार्क और टैंकर से रिकेज हुए डीजल के संपर्क में आते ही उसमें सिलसिलेवार कई विस्फोट हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि केबिन में बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियाँ तुरंत मौके पर पहुँचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक तीनों लोग पूरी तरह जल चुके थे।

​इलाके की बिजली आपूर्ति ठप और प्रशासनिक कार्रवाई

इस भीषण टक्कर के कारण बिजली का पोल और भारी क्षमता वाला ट्रांसफार्मर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति तुरंत काट दी गई, जिससे आसपास के दर्जनों गांवों में रातभर अंधेरा छाया रहा। हालांकि, सुबह से ही बिजली विभाग की टीमें टूटे खंभों और लाइनों को दुरुस्त करने में जुटी हुई हैं।

मौके पर पहुँचे प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि तीनों मृतकों के शवों को टैंकर के केबिन से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल, पुलिस मृतकों के दस्तावेजों और अन्य माध्यमों से उनकी पहचान सुनिश्चित करने तथा उनके परिजनों से संपर्क साधने का प्रयास कर रही है।

Dr. Bhanu Pratap Singh