वंदे मातरम का विरोध करने वालों को भारत में रहने का हक नहीं, सदन में दहाड़े CM योगी

REGIONAL

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा बजट सत्र के पांचवें दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी पर जमकर प्रहार किया। सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले का उत्तर प्रदेश ‘बीमारू’ था, जहाँ अपराधी समानांतर सरकार चलाते थे। लेकिन आज का यूपी टेक्नोलॉजी, ट्रस्ट और ट्रांसफ़ॉर्मेशन (Triple T) की त्रिवेणी बनकर उभरा है।

अराजकता से अनुशासन तक का सफर

मुख्यमंत्री ने सदन में सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पिछला कुछ साल अपराध और अव्यवस्था से अनुशासन की यात्रा रही है। उन्होंने कहा, “यूपी अब कर्फ्यू का नहीं, कानून के राज का प्रदेश है। यह उपद्रव से उत्सव की यात्रा है।” सीएम ने आर्थिक सर्वेक्षण का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने डंके की चोट पर अपने कार्यों का विवरण जनता के सामने रखा है।

वंदे मातरम के विरोध पर कड़ा रुख

विपक्ष पर सीधा हमला बोलते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुछ लोग बाबर को सजदा करते हैं और माफिया की कब्र पर फातिहा पढ़ते हैं, लेकिन वंदे मातरम का विरोध करते हैं। उन्होंने कड़े लहजे में कहा, “जो वंदे मातरम का विरोध करे, उसे हिंदुस्तान में रहने का कोई अधिकार नहीं है।” मुख्यमंत्री ने ‘टेम्पल इकॉनमी’ का उदाहरण देते हुए बताया कि कानून-व्यवस्था सुधरने से ही प्रयागराज माघ मेले में इस बार 21 करोड़ लोग पहुंचे, जो पिछली सरकारों के कुंभ के आंकड़ों से भी अधिक है।

Dr. Bhanu Pratap Singh