यूपी की सियासत में हलचल: अब डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का बड़ा दावा, कहा- ‘सपा के 25-26 सांसद टूटने को तैयार’

POLITICS

कानपुर/लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी (सपा) में टूट को लेकर सियासी सरगर्मी अपने चरम पर है। सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर के बाद अब उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी सपा में बड़े बिखराव का दावा कर सनसनी फैला दी है।

‘सपा के 25-26 सांसद बगावत की राह पर’

कानपुर दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। उन्होंने दावा किया कि सपा के करीब 25-26 सांसद अलग गुट बनाने के लिए तैयार बैठे हैं, जिससे सैफई कुनबे को एक बड़ा झटका लग सकता है।

केशव मौर्य ने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी किसी भी दल को तोड़ने की कोशिश नहीं कर रही है, बल्कि भ्रष्टाचार और परिवारवाद के कारण नेता स्वयं सपा छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, “जब सांसदों और नेताओं को अपना भविष्य अंधकार में दिखाई देगा, तो वे निश्चित ही विकल्प तलाशेंगे।”

‘सैफई का चश्मा हटाकर देखें अखिलेश’

अखिलेश यादव द्वारा भाजपा पर ‘नकारात्मक राजनीति’ का आरोप लगाने पर केशव मौर्य ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा, “अखिलेश यादव सैफई का चश्मा उतारकर कानपुर का चश्मा लगा लें, उन्हें भाजपा की सकारात्मक राजनीति और विकास नजर आने लगेगा।”

उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा के शासन में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और गरीबों के जीवन में खुशहाली आई है, जिसके चलते 2027 में जनता फिर से भाजपा को प्रचंड बहुमत देने के लिए तैयार है।

​राम मंदिर चढ़ावा गबन: ‘कोई सुख नहीं भोग पाएगा’

राम मंदिर में चढ़ावे की रकम में गड़बड़ी के मुद्दे पर डिप्टी सीएम ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा, “यह मामला भ्रष्टाचार का नहीं, बल्कि दान पात्रों में आई कुछ शिकायतों का है, जिनकी जांच चल रही है।” उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि भगवान राम के चढ़ावे का पैसा जिसने भी खाया है, वह उसका सुख नहीं भोग पाएगा। जांच के बाद राशि की रिकवरी सुनिश्चित की जाएगी।

​सम्मेलनों से नहीं बदलेगी सपा की नियति

अखिलेश यादव के ब्राह्मण सम्मेलनों के दावों पर कटाक्ष करते हुए केशव मौर्य ने कहा कि सपा चाहे कोई भी सम्मेलन कर ले, उन्हें इसका कोई लाभ नहीं होने वाला। उन्होंने कहा, “सपा अब सैफई की ओर बढ़ रही है और भाजपा लखनऊ में बनी रहेगी।”

​अन्य दलों पर टिप्पणी

टीएमसी और अन्य विपक्षी दलों में हो रही टूट पर केशव मौर्य ने कहा कि किसी पार्टी को बचाने का जिम्मा भाजपा का नहीं है। उन्होंने कहा कि जो दल परिवारवाद, भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी में डूबे हैं, उनका पतन निश्चित है। उन्होंने रामगोपाल यादव के भाजपा के संपर्क में होने की खबरों पर अनभिज्ञता जताई।

Dr. Bhanu Pratap Singh