एक जनपद एक उत्पाद के अन्तर्गत ‘‘वोकल फार लोकल’’ थीम पर आधारित 10 दिवसीय प्रर्दशनी शुरू
Agra, Uttar Pradesh, India. केन्द्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने ‘‘वोकल फार लोकल’’ अवधारणा के साथ ‘‘आत्मनिर्भर भारत अभियान’’ पर बल दिया है। उन्होंने कहा कि कौशल को मान, स्थान को पहचान, सपनों को पंख, उद्यमिता की नई उड़ान को एक जनपद एक उत्पाद साकार कर रहा है। घरेलू व स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर भारत को विकसित देश बनाए जाने की दिशा में एक कदम है। उन्होंने कहा की ऐसी प्रदर्शनी लगती रहनी चाहिए, जिससे कम मूल्य में टिकाऊ, मजबूत उत्पाद तो मिलता ही है, हस्त शिल्पियों व छोटे उद्यमियों को भी प्रोत्साहन मिलता है।
केन्द्रीय मंत्री ने एक जनपद एक उत्पाद के अन्तर्गत ‘‘वोकल फार लोकल’’ थीम पर आधारित 10 दिवसीय प्रर्दशनी का शुभारम्भ करते हुए कहा- भारत हस्त शिल्पियों व हुनरमंद कारीगरों का देश है। उन्होंने उदाहरण देकर बताया कि सुनार, लोहार, कुम्हार, बढ़ई सब अपने क्षेत्रों में स्किल्ड रखते हैं, यहां प्रत्येक जाति अपना-अपना हुनर रखती है। उन्होंने कहा कि “देश की खुशहाली का रास्ता खेतों के साथ एम0एस0एम0ई0 से जाता है, उन्होंने स्ट्रीट वेंडर व छोटे उद्यमियों को और अधिक ऋण देकर उन्हें सशक्त करने की बात कही और कहा कि ये लोग सरकार का लोन समय से चुकता भी करते है और देश की उन्नति में सहायता देते हैं। उन्होंने पुराने एंटीक आभूषण का ज़िक्र कर बताया कि आज भी उनकी डिजाइन का कोई सानी नहीं है, अतः कारीगर, व कौशलयुक्त, व्यवसाई तथा श्रमजीवी लोगों की हमें इज्जत व सम्मान करना चाहिए। उन्होंने आह्वान किया कि ‘वोकल फार लोकल’’ के अन्तर्गत ओडीओपी एवं हस्त-निर्मित उत्पादों को खरीद कर अपने स्थानीय भाईयों को मजबूत करें।
इस मौके पर विधायक डॉ जी.एस. धर्मेश ने कहा प्रधानमंत्री जी के जन्मदिन पखवाड़ा के अन्तर्गत एक जनपद एक उत्पाद उनकी दूरदर्शिता का परिचायक है। कोरोना संकट काल में जब सम्पूर्ण विश्व में फैक्ट्री कारखानों को पहिया रुक गया था, ऐसे आपदा समय को अवसर में बदलते हुए ‘‘वोकल फार लोकल’’ अवधारणा के साथ ‘‘आत्मनिर्भर भारत अभियान’’ का शुभारम्भ किया। इसकी बदौलत किसानों, मजदूरों, महिलाओं, छोटे व्यापारियों, उद्यमियों सभी को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 20 लाख करोड़ रूपये राहत पैकेज की घोषणा की गयी व चीन के उत्पादों को रोकने में मदद मिली।
कार्यक्रम में आगरा के जाने माने उद्योगपति पूरन डावर ने अपनी सक्सेस स्टोरी सुनाई। उपस्थित लोगों को अपना उद्योग खोलने को प्रेरित किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को महत्व देते हुए ‘वोकल फार लोकल’’ का नारा बुलन्द किया, जिससे पूरे प्रदेश में हर जिले व क्षेत्र की परम्परागत विशिष्ट पहचान व उत्पाद को विकास का पंख लगे।
सेवा पखवाड़ा के अन्तर्गत जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र द्वारा ये प्रदर्शनी ‘‘वोकल फार लोकल’’ के अन्तर्गत ओ0डी0ओ0पी0 एवं हस्त-निर्मित उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगाई गई है, प्रदर्शनी में 30 से अधिक स्थानीय व राज्य के उत्पादकों ने स्टाल लगाए हैं। अतिथियों को प्रभारी उपायुक्त अनुज कुमार ने प्रदर्शनी में लगे सभी स्टालों को अवलोकन कराते हुए उत्पादों की विशेषता, उत्पादकता, विक्रय आदि बिन्दुओं की संक्षिप्त जानकारी दी।
प्रभारी उपायुक्त उद्योग ने बताया कि स्थानीय उत्पादों के विकास के क्रम में एक जनपद एक उत्पाद विश्वकर्मा सम्मान योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, ओ0डी0ओ0पी0 टूल किट प्रशिक्षण योजना, ओ0बी0सी0/एस0सी0/एस0टी0 के व्यक्ति को तकनीकी कुशलता बढ़ाने के उद्देश्य से सामूहिक प्रशिक्षण योजना, हस्तशिल्प प्रोत्साहन योजना आदि अनेक योजनाओं से स्थानीय स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है।
प्रदर्शनी में हाथरस की हींग, अलीगढ़ के ताले, मुरादाबाद के पीतल के बर्तन, आगरा की लेदर के सामान, खादी, हैंडलूम अगरबत्ती, आचार, रब मैन्यूफैक्चरिंग लेदर प्रोडक्टस, रेशमी साड़ी आदि के लगभग 30 से अधिक स्टाल लगाये गये है। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाहा, चौधरी रामेश्वर, भाजपा महानगर अध्यक्ष भानु महाजन, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी ओ0पी0 चक सहित अन्य सम्बन्धित लोग उपस्थित थे।
- आगरा में खूनी संघर्ष: सगे भाइयों के बीच दीवार का विवाद बना ‘मैदान-ए-जंग’, जमकर चले पत्थर - March 5, 2026
- आगरा में भक्ति और उल्लास का संगम: सिद्धचक्र महामंडल विधान का समापन, जैन समाज ने चंदन लगाकर मनाया होली मिलन - March 5, 2026
- आगरा में जयपुर के ‘गुलाल गोटों’ की होली: बाबा श्याम के दरबार में उड़ा अबीर, भक्ति के रंगों में डूबे हजारों भक्त - March 5, 2026