उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को फिरोजाबाद का दौरा कर जिले को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने ₹658 करोड़ की लागत वाली 81 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक और आवास की चाबियां भी वितरित कीं।
”साफ नीयत से ही प्रशस्त होता है विकास का मार्ग”
जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि जब सरकार की नीयत साफ होती है, तो नीति और नेतृत्व स्वयं विकास का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्होंने कहा, “डबल इंजन सरकार की पारदर्शी कार्यशैली और जनहितकारी नीतियों के परिणामस्वरूप आज विकास एवं जनकल्याण की योजनाएं समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक बिना किसी भेदभाव के पहुंच रही हैं।”
फिरोजाबाद की वैश्विक पहचान पर गर्व
मुख्यमंत्री ने फिरोजाबाद की सुहागनगरी के रूप में ख्याति और यहां के उद्यमियों, श्रमिकों और कारीगरों के अथक परिश्रम की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि अपने कौशल से फिरोजाबाद को ‘लोकल से ग्लोबल’ पहचान दिलाने वाले सभी उद्यमियों का अभिनंदन है। उन्होंने इस दौरान औरैया मेडिकल कॉलेज का नामकरण ‘लोकमाता’ अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर करने का उल्लेख करते हुए उन्हें हमारी समृद्ध विरासत का प्रतीक बताया।
किसानों को मिली पीएम किसान निधि की सौगात
पीएम किसान सम्मान निधि का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के खातों में सीधे लाभ पहुंचाया जा रहा है। इसकी 23वीं किस्त के तहत अकेले उत्तर प्रदेश के किसानों के खातों में ₹4,300 करोड़ से अधिक की राशि का हस्तांतरण किया गया है।
परियोजनाओं का विवरण:
फिरोजाबाद को मिली ₹658 करोड़ से अधिक की सौगात में मुख्य रूप से टूण्डला के लिए: ₹452 करोड़ की परियोजनाएं व शिकोहाबाद के लिए ₹206 करोड़ की परियोजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फिरोजाबाद का सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता है और ये परियोजनाएं जिले की तस्वीर बदलने में मील का पत्थर साबित होंगी।
- लखनऊ में मोबाइल किश्त न चुकाने पर रिकवरी एजेंटों ने मजदूर को चार दिन तक बंधक बनाकर निकाला खून, गोमती में फेंकने की धमकी - September 15, 2026
- आगरा में NEET पास छात्र निकला ट्रेनों का शातिर चोर: गर्लफ्रेंड के कैंसर के इलाज और ऐशो-आराम के लिए खड़ा किया चोरी का नेटवर्क, 25 लाख के जेवर बरामद - September 15, 2026
- आगरा के प्राचीन श्री सिद्धिविनायक मंदिर में 66वें गणेश महोत्सव के तहत हुआ विशाल भंडारे का आयोजन, हजारों भक्तों ने पाई प्रसादी - September 15, 2026