नई दिल्ली। देश की सबसे प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट’ (NEET-UG) एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गई है। बिहार के लखीसराय जिले से परीक्षा के दौरान एक बेहद गंभीर और चौका देने वाला फर्जीवाड़ा सामने आया है। यहाँ तीन अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर छापेमारी के दौरान नौ फर्जी परीक्षार्थियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस पूरे खेल में बायोमीट्रिक सिस्टम के साथ भी छेड़छाड़ की गई थी, जिसके चलते प्रशासन ने बायोमीट्रिक एजेंसी के सात कर्मचारियों को भी हिरासत में ले लिया है। पुलिस और जांच एजेंसियां अब इस पूरे प्रकरण को एक बड़े अंतर-राज्यीय सॉल्वर गैंग से जोड़कर देख रही हैं और मामले की गहनता से तहकीकात की जा रही है।
इस घटना के बाद देश की राजनीति में उबाल आ गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कड़े तेवर अपनाते हुए सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, “NEET री-एग्जाम में बड़ा फर्जीवाड़ा! नकली कैंडिडेट बनकर कई डॉक्टर और मेडिकल छात्र परीक्षा देने आए, जिन्हें गिरफ्तार किया गया है।”
धर्मेंद्र प्रधान पर निशाना, इस्तीफे की मांग
अखिलेश यादव ने सीधे तौर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर कटाक्ष करते हुए कहा, “अब तो इस्तीफा दे दो!” हालांकि उन्होंने स्पष्ट नाम नहीं लिया, लेकिन उनका निशाना शिक्षा मंत्री की ओर ही था। अखिलेश ने आगे लिखा कि नीट परीक्षा में बार-बार हो रही यह धोखाधड़ी साबित करती है कि ‘भाजपाई गैंग’ किसी और के लिए पेपर सॉल्व करने की साजिश रच रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सिस्टम में ऊपर से नीचे तक मिलीभगत है, इसी कारण बायोमीट्रिक जांच में भी सुनियोजित तरीके से घपला किया गया। उन्होंने आशंका जताई कि लखीसराय तो केवल एक बानगी है, न जाने देश भर के कितने अन्य सेंटरों पर इस तरह की धांधली हुई होगी।
भाजपा को बताया ‘अपराध और नाउम्मीदगी का दूसरा नाम’
अखिलेश यादव ने युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे इस खिलवाड़ पर आक्रोश जताते हुए कहा कि युवाओं का उत्पीड़न तभी रुकेगा जब छात्र, उनके अभिभावक और पूरा परिवार एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ खड़ा होगा। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि भाजपा अब ‘अपराध और नाउम्मीदगी’ का दूसरा नाम बन चुकी है।
यादव ने आरोप लगाया कि वोट की लूट से सत्ता में आई यह सरकार अब पेपर लीक, धांधली और चंदा-चोरी तक के स्तर पर गिर गई है। उन्होंने अंत में तंज कसते हुए कहा कि भाजपा और उनके अनरजिस्टर्ड साथियों ने भ्रष्टाचार और बेईमानी के अपने ही बनाए पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।
- आगरा: किरावली तहसील में फरियादी की पिटाई करने वाला लेखपाल निलंबित, अब एफआईआर की मांग पर अड़े किसान - June 22, 2026
- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: आगरा में योग से संवर रहा ऑटिज्म से प्रभावित बच्चों का जीवन, ‘अध्यान्त फाउंडेशन’ ने आयोजित किया विशेष शिविर - June 22, 2026
- सांसद राजकुमार चाहर का ‘विकास मॉडल’: 5 करोड़ की योजनाओं के भूमि पूजन की जिम्मेदारी दी कार्यकर्ताओं को, समाजसेवी रतिराम पंडित बने मुख्य अतिथि - June 22, 2026