श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच मीरपुर में चल रहे दूसरे टेस्ट मैच के दौरान सीने में दर्द की शिकायत के बाद श्रीलंका के क्रिकेटर कुसल मेंडिस को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सोशल मीडिया पर 27 वर्षीय क्रिकेटर के मैदान छोड़ने की तस्वीरें वायरल हो रही हैं। लंच से कुछ देर पहले 23वें ओवर में खिलाड़ी को मैदान के बाहर मदद की गई। बताया जा रहा है कि वह स्लिप पर फील्डिंग कर रहे थे तभी उन्हें सीने में संभावित दर्द की वजह से परेशानी हो रही थी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया है।
कहा जा रहा है कि यह सिर्फ मांसपेशियों में दर्द है। इससे पहले बांग्लादेश के कप्तान मोमिनुल हक ने सोमवार को ढाका के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ दूसरे और अंतिम टेस्ट में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बांग्लादेश ने चटगांव में ड्रॉ हुए पहले टेस्ट से दो बदलाव किए। मोसादेक हुसैन और एबादोट हुसैन ने घायल नईम हसन और शोरफुल इस्लाम की जगह ली।
लंच तक ऐसा रहा खेल
दूसरी ओर कासुन रजिता की तूफानी गेंदबाजी से श्रीलंका ने दूसरे क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन लंच तक बांग्लादेश के पांच विकेट चटकाकर अपना पलड़ा भारी रखा। पहले मैच में कनकशन (सिर में चोट लगने से बेहोशी जैसी स्थिति) सब्सिट्यूट खिलाड़ी के रूप में खेलने वाले रजिता ने 15 रन देकर तीन जबकि असिथा फर्नांडो ने 26 रन देकर दो विकेट चटकाए जिससे श्रीलंका ने लंच तक बांग्लादेश का स्कोर पांच विकेट पर 66रन कर दिया।
ब्रेक के समय लिटन दास 26 जबकि पहले टेस्ट में शतक जड़ने वाले मुशफिकुर रहीम 22 रन बनाकर खेल रहे थे। दोनों छठे विकेट के लिए 42 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर चुके हैं। रजिता ने मैच की दूसरी ही गेंद पर महमूदुल हसन जॉय (00) को बोल्ड किया जबकि फर्नांडो ने दूसरे सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल (00) को प्रवीण जयविक्रम के हाथों कैच कराके बांग्लादेश का स्कोर दूसरे ओवर में दो विकेट पर छह रन किया।
बांग्लादेश के कप्तान मोमीनुल हक एक बार फिर नाकाम रहे और नौ रन बनाने के बाद छठे ओवर में फर्नांडो की गेंद पर विकेटकीपर निरोशन डिकवेला को कैच दे बैठे। रजिता ने अगले ओवर में नजमुल हुसैन (08) और अनुभवी शाकिब अल हसन (00) को लगातार गेंदों पर आउट करके बांग्लादेश का स्कोर पांच विकेट पर 24 रन किया। लिटन और मुशफिकुर ने इसके बाद लंच तक 16 ओवर बल्लेबाजी करके श्रीलंका के गेंदबाजों को और सफलता से महरूम रखा।
-एजेंसियां
- दिल्ली में बारिश के चलते टला ‘सड़क पर संसद’ कार्यक्रम: अब शनिवार को होगा आयोजन, राहुल गांधी ने दी जानकारी - October 30, 2026
- आगरा में जाम से मिलेगी मुक्ति: प्रशासन और व्यापारियों के बीच 6 पार्किंग स्थलों पर बनी सहमति, सीडीओ ने दिए निर्देश - October 30, 2026
- कोडीन कफ सिरप सिंडिकेट की जांच आगरा पहुंची: STF की रडार पर कारोबारी देवेंद्र आहूजा उर्फ चिंटू, बिना बिलिंग खेल का शक - October 30, 2026