19 साल पुराने मामले में आजम खान को पुलिस का नोटिस; 2007 में दुकान तोड़ने के केस में पुनर्विवेचना के आदेश, अधिवक्ता को सौंपा गया पत्र

POLITICS

रामपुर। करीब 19 साल पुराने एक आपराधिक मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान के खिलाफ विधिक शिकंजा कसते हुए नोटिस जारी किया है। यह मामला वर्ष 2007 में थाना गंज क्षेत्र के अंतर्गत एक दुकान ढहाने और कब्जा हटाने से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि तत्कालीन जिला प्रशासन ने बिना किसी पूर्व नोटिस के यह ध्वस्तीकरण कराया था, जिसमें सपा नेता आजम खान के इशारे पर कार्रवाई किए जाने की आशंका जताई गई थी।

​इस प्रकरण में 2007 में तत्कालीन एसडीएम नलिन सिंह अवस्थी और आजम खान समेत अन्य लोगों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया था। पुलिस ने प्रारंभिक तफ्तीश के बाद मामले में अंतिम रिपोर्ट (Final Report / FR) लगाकर विवेचना बंद कर दी थी। हालांकि, पुलिस द्वारा एफआर लगाए जाने के बाद पीड़ित दुकान स्वामी ने पुनः अदालत का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआर को निरस्त कर पुलिस को पुनर्विवेचना (दोबारा जांच) के स्पष्ट आदेश जारी किए।

​पटवाई एसओ को सौंपी गई री-इन्वेस्टिगेशन की कमान

न्यायालय के निर्देशानुसार इस संवेदनशील मामले की पुनर्विवेचना की जिम्मेदारी पटवाई थाना अध्यक्ष (SO) को सौंपी गई है। जांच प्रक्रिया आगे बढ़ाते हुए पटवाई पुलिस की टीम नोटिस तामील कराने आजम खान के रामपुर स्थित आवास पर पहुंची। आजम खान के घर पर मौजूद न होने की स्थिति में पुलिस ने वहां उपस्थित उनके अधिवक्ता को नियमानुसार नोटिस हस्तगत करा दिया।

जेल से रिहाई के कुछ दिन बाद फिर कानूनी अड़चन

​उल्लेखनीय है कि सपा के कद्दावर नेता आजम खान लंबे समय तक कारागार में रहने के बाद हाल ही में जमानत पर रिहा होकर बाहर आए हैं। वर्ष 2007 से 2012 तक प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सरकार के दौरान यह मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसके बाद 2012 से 2017 के समाजवादी पार्टी शासनकाल में आजम खान अखिलेश यादव सरकार के सबसे शक्तिशाली मंत्रियों में गिने जाते थे। कोर्ट के इस ताजा आदेश के बाद उनके लिए एक बार फिर कानूनी अड़चनें बढ़ती नजर आ रही हैं।

Dr. Bhanu Pratap Singh