भाजपा ने दस साल में आगरा को बरबाद कर दिया, स्मार्ट सिटी के नाम पर कूड़े-कचरे का ढेर बनाया,
भाजपा आई तो संविधान बदल देगी, पुलिस में भी तीन साल की नौकरी ले आएगी, इस बार इनकी विदाई तय
सपा कार्यकर्ता इनका झूठ घर-घर जाकर बताएं
आगरा: समाजवादी पार्टी के मुखिया पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता विपक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को यहां इंडी गठबंधन के प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा करते हुए जिले की जनता की परेशानियों को खुलकर रखा और इन परेशानियों से निजात दिलाने के लिए भारतीय जनता पार्टी को हराने की अपील की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे घर-घर जाकर भाजपा का झूठ जनता को बताएं और सपा कांग्रेस के प्रत्याशियों को जिताने की अपील करें।
जीआईसी मैदान पर हुई इस सभा में करीब एक घंटे देरी से पहुंचे अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला करते हुए कहाकि पिछले दस साल में जनता की परेशानियों में कोई बदलाव नहीं आया। भाजपा ने न तो हर साल दो करोड़ लोगों को नौकरी देने का वायदा पूरा किया और न किसानों की आय दोगुनी करने का। भाजपा के शासन में दस से ज्यादा परीक्षाओं के पेपर लीक हुए, जिसका परिणाम यह हुआ कि सात लाख बच्चों की परीक्षाएं नहीं हो पाईं। इनके औसतन तीन परिवारीजनों को मिलाकर 1.80 करोड़ लोग नाराज हैं। यह नाराजगी हर संसदीय क्षेत्र में भाजपा को भारी पड़ने वाली है.
अखिलेश ने चार साल की अग्निवीर योजना में नौकरी का भी विरोध करते हुए कहा कि चार साल की नौकरी करने वालों को सरकार से कोई सुविधा नहीं मिलेगी। शहीद होने पर भी कोई सम्मान नहीं मिलेगा। सरकार को युवाओं के भविष्य की चिंता नहीं है। हमारी सरकार आई तो अग्निवीर योजना को खत्म कर देंगे। उन्होंने आगाह करते हुए कहा कि अभी भाजपा ने सेना में यह योजना लागू की है, यदि अगली बार भाजपा सत्ता में आ गई तो यह पुलिस में भी तीन साल की नौकरी की योजना ले आएगी। पुलिसवाले इस स्थिति को समझ रहे हैं इसलिए वे भी भाजपा को नहीं, हमें वोट देंगे।
भाजपा सरकार की नीतियों को आलोचना करते हुए सपा मुखिया ने कहा कि जीएसटी से व्यापार बरबाद हो गया। बड़े उद्योगपति विदेश भाग गए। बैंक डूबा दिए गए। सरकार ने एयरपोर्ट, हवाई जहाजों, बंदरगाहों और टेलीफोन विभाग को बेच दिया। ये दुबारा आ गए तो संविधान भी बदल देंगे। यादव ने भरोसा जताया कि ऐसा होने से पहले जनता इन्हें बदल देगी।
भाजपा में गुटबाजी की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि कहने को ये डबल इंजन की सरकार बताते हैं, लेकिन इनके होर्डिंगों में दूसरा इंजन गायब है। अखिलेश ने कहा कि इलेक्टोरल बॉन्ड के नाम पर भाजपा ने करोड़ों रुपये वसूले। कोरोना की वैक्सीन बनाने वालों से भी पैसा वसूल लिया। अब भाजपा का बैंड बज गया है, ये वर्ष 2014 में आए थे, अब 2024 में इनकी विदाई हो जायेगी और बैंड बाजों के साथ होगी। उन्होंने जनता से कहा कि भाजपा की विदाई होने पर हर चौराहे पर पेठा बांटें।
आगरा की चर्चा करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे दिया, सड़कें बनाई, एंबुलेंस दी, त्वरित पुलिस कार्रवाई के लिए 100 नम्बर की गाड़ियां शुरू कराईं। भाजपा आगरा की तरक्की को देख नहीं सकती, इसने दस साल में जिले को बरबाद कर दिया। प्रधानमंत्री पर परोक्ष व्यंग्य करते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली वालों ने पहला भाषण पर्यटन प्रोत्साहन पर दिया था, लेकिन उनके शासन में यहां का पचास प्रतिशत पर्यटन कम हो गया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हम आगरा में हम यमुना के पार आठ-नौ किमी की दूरी पर एयरपोर्ट बनाना चाहते थे, जगह भी थी, लेकिन दिल्ली में बैठ भाजपा सरकार ने एनओसी नहीं दी।
युवाओं की बात करते हुए यादव ने कहा कि सपा सरकार बनी तो सबसे पहले जिले में अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम बनेगा। भाजपा सरकार की नीतियों के कारण जूता कारोबार दूसरे शहरों और देशों में शिफ्ट हो रहा है, सपा ऐसा नहीं होने देगी। कारोबार को बढ़ाएंगे। भाजपा कारोबारियों की मदद नहीं करती। आगरा की भी नहीं की। एक बार इन्हें हटा दीजिए।
अखिलेश यादव बोले, कहने को आगरा स्मार्ट सिटी है लेकिन इसे कूड़े-कचरे का ढेर बना दिया गया है। यमुना नदी को सुखा दिया गया। इन्हें वोट से सुखा दो। यमुना में सारे नाले जा रहे है। यमुना नहीं भाजपा ने उसके लिए मिले बजट की “सफाई” कर दी।
उन्होंने जनता से वायदे करते हुए कहा कि उनकी सरकार आने पर सफाई कर्मचारियों का विनियमितिकरण कराया जाएगा। हमारी सरकार में सभी कर्ज माफ किए जायेंगे। राशन भी गुणवत्ता वाला मिलेगा पौष्टिक आटा के साथ डाटा फ्री देंगे। क्योंकि वर्तमान में सारे काम डाटा से ही हो रहे हैं।
इन्होंने भी किया जनसभा को संबोधित
इससे पूर्व इंडी गठबंधन के फतेहपुर सीकरी से कांग्रेस प्रत्याशी रामनाथ सिकरवार और आगरा सीट से सपा प्रत्याशी सुरेश चंद्र कर्दम ने भी सभा को संबोधित किया।
इसी सभा में बसपा से सपा में शामिल हुए शब्बीर अब्बास ने भी अपनी बात रखी। जनसभा का संचालन राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन और सपा के महानगर अध्यक्ष वाजिद निसार ने किया।
-एजेंसी
- 200 साल पुराने श्री धनकामेश्वर मंदिर में सावन महोत्सव का भक्तिमय आगाज: सत्यनारायण कथा और महा रुद्राभिषेक से गूंजा मोती कटरा - August 2, 2026
- 108 रुद्राभिषेक के संकल्प के साथ श्री खाटू श्याम मंदिर में सावन महोत्सव की धूम, बाबा श्याम और महादेव के दिव्य श्रृंगार ने भक्तों को किया मंत्रमुग्ध - August 2, 2026
- पर्यावरण संरक्षण की मुहिम: लॉयंस क्लब फ्लेमिंगो ने हेरिटेज गार्डन में रोपे फलदार और छायादार पौधे, माली को भेंट की राशन सामग्री - August 2, 2026