आगरा। ताजनगरी के थाना ट्रांस यमुना इलाके में बुधवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक फिल्मी अंदाज में मोबाइल टॉवर के शिखर पर जा बैठा। शाहदरा चुंगी क्षेत्र में हुए इस ‘हाई वोल्टेज ड्रामे’ को देख लोगों की सांसें अटक गईं। युवक की मांग थी कि जब तक उसकी प्रेमिका को मौके पर नहीं बुलाया जाएगा, वह नीचे नहीं उतरेगा। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा, तब जाकर प्रशासन ने राहत की सांस ली।
9 बजे शुरू हुआ टावर कांड
जानकारी के मुताबिक, क्षेत्रीय निवासी प्रदीप कुमार के घर पर मोबाइल कंपनी का एक ऊंचा टावर लगा हुआ है। सुबह करीब 9 बजे टूंडला (फिरोजाबाद) के मेहरी हिरन निवासी बंटी पुत्र सूबेदार सिंह अचानक इस टावर पर चढ़ गया। टावर की ऊंचाई पर युवक को देख नीचे लोगों का जमावड़ा लग गया।
स्थानीय लोगों ने उसे नीचे आने के लिए काफी शोर मचाया, लेकिन बंटी अपनी जिद पर अड़ा रहा। बताया जा रहा है कि युवक की रिश्तेदारी पास के ही नगला बिहारी इलाके में है और वह एकतरफा प्यार के जुनून में यह कदम उठा बैठा।
पुलिस को फोन कर दी चुनौती
हैरानी की बात यह है कि टावर पर चढ़ने से पहले बंटी ने खुद 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। उसने पुलिस से दो-टूक कहा कि उसे उसकी प्रेमिका से मिलवाया जाए, वरना वह टावर से कूद जाएगा। सूचना मिलते ही थाना ट्रांस यमुना पुलिस, पीआरवी और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गईं।
पुलिस की सूझबूझ से टला हादसा
नीचे पुलिस के आला अधिकारी उसे लाउडस्पीकर से समझाते रहे, जबकि ऊपर वह मौत और जिंदगी के बीच झूल रहा था। पुलिस कर्मियों ने काफी देर तक युवक की ‘काउंसलिंग’ की और उसे बातों में उलझाए रखा। आखिरकार, पुलिस की समझाइश काम आई और बंटी को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। पुलिस अब युवक से पूछताछ कर रही है और उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है।
- महाराष्ट्र की माटी और हिप-हॉप का अनोखा संगम, फिल्म ‘गोंधळ’ के नए गाने ‘चिमणा’ में रैपर बादशाह ने लगाया तड़का - August 31, 2026
- जेन-जी दिखाएगी उत्तर प्रदेश की विरासत और संस्कृति, युवाओं को मिला अपने शहर को दुनिया तक पहुंचाने का मौका, ऐसे करें आवेदन - August 31, 2026
- वाराणसी में गंगा नदी का रौद्र रूप: जलस्तर बढ़कर 69.90 मीटर पहुंचा, चेतावनी बिंदु से महज 36 सेंटीमीटर दूर; तटवर्ती इलाकों में अलर्ट जारी - August 31, 2026