शिवराज सिंह ने कहा, अपने लिए कुछ भी मांगने से बेहतर मैं मरना समझूंगा

POLITICS

 

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक बार फिर से साफ कर दिया है कि उन्हें कोई पद की लालसा नहीं है। मंगलवार को भोपाल में शिवराज से पूछा गया कि वह पार्टी में अपनी अगली जिम्मेदारी क्या होगी और क्या वह इस बारे में बात करने के लिए दिल्ली जाएंगे।

इस सवाल पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ‘आपको ध्यान होगा कि जो संदर्भ था क्या आप दिल्ली जाएंगे क्या, एक बार मैं बड़ी विनम्रता से कहना चाहता हूं कि अपने लिए कुछ भी मांगने के लिए जाने से बेहतर मैं मरना समझूंगा। वह मेरा काम नहीं है, इसलिए मैंने कहा था कि मैं दिल्ली नहीं जाऊंगा।’ शिवराज के इतना कहते ही उनके समर्थक वहां तालियां बजाने लगे।

मोहन यादव का सरकार बनाने दावा

मध्य प्रदेश के मनोनीत मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद राज्यपाल मंगूभाई पटेल से मुलाकात की और अगली सरकार बनाने का दावा पेश किया। भाजपा के एक प्रवक्ता ने कहा कि यादव के साथ निवर्तमान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राज्य पार्टी प्रमुख वीडी शर्मा और तीन केंद्रीय पर्यवेक्षक राजभवन पहुंचे थे।

इससे पहले, भाजपा विधायक दल ने निवर्तमान सरकार में मंत्री यादव (58) को अपना नेता चुना। इसके अलावा वरिष्ठ भाजपा नेता नरेंद्र सिंह तोमर मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष होंगे। भाजपा के जगदीश देवड़ा मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री होंगे।