पुण्‍यतिथि: विशिष्ट निबंधकारों में से एक सरदार पूर्ण सिंह

पुण्‍यतिथि: विशिष्ट निबंधकारों में से एक सरदार पूर्ण सिंह

साहित्य


भारत के विशिष्ट निबंधकारों में से एक सरदार पूर्ण सिंह की आज पुण्‍यतिथि है। 17 फरवरी 1881 को अविभाजित भारत के एबटाबाद में जन्‍मे सरदार पूर्ण सिंह की मृत्‍यु 31 मार्च 1931 के दिन उत्तराखंड के देहरादून में हुई।
देशभक्त, शिक्षाविद, अध्यापक, वैज्ञानिक एवं लेखक सरदार पूर्ण सिंह पंजाबी के जाने माने कवि भी थे। आधुनिक पंजाबी काव्य के संस्थापकों में पूर्ण सिंह की गणना होती है।
1901 में टोक्यो के ‘ओरिएंटल क्लब’ में भारत की स्वतंत्रता के लिये सहानुभूति प्राप्त करने के उद्देश्य से पूर्ण सिंह ने कई उग्र भाषण दिए तथा कुछ जापानी मित्रों के सहयोग से भारत-जापानी-क्लब की स्थापना की। टोक्यो में वे स्वामी रामतीर्थ के विचारों से इतने अधिक प्रभावित हुए कि उनका शिष्य बनकर उन्होंने संन्यास धारण कर लिया। वहाँ आवासकाल में लगभग डेढ़ वर्ष तक उन्होंने एक मासिक पत्रिका ‘थंडरिंग डॉन’ का संपादन किया। सितम्बर 1903 में भारत लौटने पर कलकत्ता (आधुनिक कोलकाता) में उस समय के ब्रिटिश शासन के विरुद्ध उत्तेजनात्मक भाषण देने के अपराध में वे बंदी बना लिए गए, किंतु बाद में मुक्त कर दिए गए।
1907 के आरंभ में वे देहरादून की प्रसिद्ध संस्था वन अनुसंधानशाला में रसायन के प्रमुख परामर्शदाता नियुक्त किए गए। इस पद पर उन्होंने 1918 तक कार्य किया। यहाँ से अवकाश ग्रहण करने के पश्चात, पटियाला, ग्वालियर, सरैया (पंजाब) आदि स्थानों पर थोड़े-थोड़े समय तक कार्य करते रहे।
द्विवेदी युग के श्रेष्ठ निबंधकार
सरदार पूर्ण सिंह को अध्यापक पूर्ण सिंह के नाम से भी जाना जाता है। वे द्विवेदी युग के श्रेष्ठ निबन्धकारों में से एक हैं। मात्र 6 निबन्ध लिखकर निबन्ध-साहित्य में अपना नाम अमर कर लिया। आपके निबन्ध नैतिक और सामाजिक विषयों से सम्बद्ध हैं। आवेगपूर्ण, व्यक्तिव्यंजक लाक्षणिक शैली उनकी विशेषता है। विशेष प्रतिपादन की दृष्टि से उन्होंने भावुकता प्रधान शैली का विशेष प्रयोग किया है। सरदार पूर्ण सिंह के निबन्धों की विषय-वस्तु समाज, धर्म, विज्ञान, मनोविज्ञान तथा साहित्य रही है। “सच्ची वीरता” इस निबन्ध में उन्होंने सच्चे वीरों के लक्षण एवं विशेषताओं का भावात्मक एवं काव्यात्मक वर्णन किया है। “मजदूरी और प्रेम” में उन्होंने दोनों के सम्बन्धों का विचारात्मक एवं उद्धरण शैली में वर्णन किया है। “आचरण की सभ्यता” में देश, काल एवं जाति के लिए आचरण की सभ्यता का महत्त्व प्रतिपादित किया है। अपने जीवन मूल्यों को आचरण में उतारकर श्रेष्ठ बनना ही आचरण की सभ्यता है। प्राय: श्रमिक-से दिखने वाले लोगों में आचरण की सभ्यता होती है। उनके निबन्धों की भाषा उर्दू और संस्कृत मिश्रित भाषा है। उन्होंने कुछ सूक्तियों का प्रयोग भी निबन्धों में किया है। जैसे- “वीरों के बनाने के कारखाने नहीं होते।” आचरण का रेडियम तो अपनी श्रेष्ठता से चमकता है। उनकी शैली काव्यात्मक, भावात्मक, आलंकारिक है। कहीं-कहीं वाक्य बहुत लम्बे-लम्बे व जटिल हो गये हैं। तर्क एवं बुद्धिप्रधान निबन्ध उनकी शैलीगत विशेषता है।
कृतियां एवं निबंध
पूर्ण सिंह ने अंग्रेज़ी, पंजाबी तथा हिंदी में अनेक ग्रंथों की रचना की, जो इस प्रकार हैं-
अंग्रेज़ी कृतियां
‘दि स्टोरी ऑफ स्वामी राम’, ‘दि स्केचेज फ्राम सिक्ख हिस्ट्री’, हिज फीट’, ‘शार्ट स्टोरीज’, ‘सिस्टर्स ऑफ दि स्पीनिंग हवील’, ‘गुरु तेगबहादुर’ लाइफ’, प्रमुख हैं।
पंजाबी कृतियां
‘अवि चल जोत’, ‘खुले मैदान’, ‘खुले खुंड’, ‘मेरा सांई’, ‘कविदा दिल कविता’।
हिंदी निबंध
‘सच्ची वीरता’, ‘कन्यादान’, ‘पवित्रता’, ‘आचरण की सभ्यता’, ‘मजदूरी और प्रेम’ तथा अमेरिका का मस्ताना योगी वाल्ट हिवट मैंन।
अन्य
वीणाप्लेयर्स, गुरु गोविंदसिंह, दि लाइफ एंड टीचिंग्स ऑव श्री गुरु तेगबहादुर, ‘ऑन दि पाथ्स ऑव लाइफ, स्वामी रामतीर्थ महाराज की असली जिंदगी पर तैराना नजर इत्यादि।
-एजेंसियां

Dr. Bhanu Pratap Singh