रोहित शर्मा को ICC की साल की सर्वश्रेष्ठ एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय टीम का कप्तान चुना गया, जिसमें स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और मोहम्मद शमी-मोहम्मद सिराज की तेज गेंदबाजी जोड़ी के अलावा दो और भारतीयों को जगह मिली है।
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के बयान के अनुसार टीम में जगह बनाने वाले अधिकतर खिलाड़ी फाइनल में पहुंचे भारत (उप विजेता) और ऑस्ट्रेलिया (विजेता) के अलावा सेमीफाइनल में जगह बनाने वाले न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका से हैं।
रोहित शर्मा और शुभमन गिल ओपनर, हिटमैन कप्तान भी
पारी का आगाज करने का मौका रोहित और शुभमन गिल को दिया गया है। भारतीय कप्तान ने पिछले साल एकदिवसीय प्रारूप में 52 के औसत से 1255 रन बनाए। गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 208 रन की पारी खेली और 1584 रन के साथ इस प्रारूप में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। तीसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड को जगह मिली है जिन्होंने पिछले साल लगातार अच्छा प्रदर्शन किया और भारत के खिलाफ फाइनल में 137 रन की पारी खेली।
मध्य क्रम में कोहली, न्यूजीलैंड के डेरिल मिशेल के अलावा दक्षिण अफ्रीका के हेनरिक क्लासेन और मार्को यानसेन शामिल हैं। कोहली एकदिवसीय प्रारूप में 1337 रन बनाकर दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने पिछले साल छह शतक लगाए। उन्होंने एकदिवसीय प्रारूप में सर्वाधिक शतक के सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को तोड़ा और विश्व कप के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए।
मिशेल ने पांच शतक की मदद से 52.34 के औसत और 100.24 के स्ट्राइक रेट से 1204 रन बनाए। क्लासेन ने भी पूरे साल बल्ले से दबदबा बनाया। उन्होंने सेंचुरियन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 174 रन की मैच विजयी पारी भी खेली। गेंदबाजी आक्रमण में सिराज, शमी और कुलदीप यादव की भारतीय तिकड़ी के अलावा ऑस्ट्रेलिया के एडम जंपा को जगह मिली है।
जंपा ने 26.31 के औसत से 38 विकेट चटकाए और विश्व कप के लगातार तीन मुकाबलों में चार विकेट चटकाए। वह प्रतियोगिता में सर्वाधिक विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों की सूची में दूसरे नंबर पर रहे।
सिराज ने पिछले साल 44 विकेट चटकाए जिसमें श्रीलंका के खिलाफ एशिया कप फाइनल में 21 रन देकर छह विकेट भी शामिल रहे। भारत ने एशिया कप फाइनल में श्रीलंका पर एकतरफा जीत दर्ज की। कुलदीप ने पिछले साल 49 एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय विकेट हासिल किए।
पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप के सुपर चार चरण में 25 रन देकर पांच विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। शमी ने पूरे साल शानदार प्रदर्शन करते हुए चार बार पारी में पांच या इससे अधिक विकेट चटकाए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन मुंबई में विश्व कप सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 57 रन पर सात विकेट रहा। किसी भी भारतीय खिलाड़ी को आईसीसी की साल की सर्वश्रेष्ठ महिला एकदिवसीय टीम में जगह नहीं मिली।
आईसीसीसी की वनडे टीम ऑफ द ईयर में शामिल खिलाड़ी
रोहित शर्मा (कप्तान) (भारत)
शुभमन गिल (भारत)
ट्रैविस हेड (ऑस्ट्रेलिया)
विराट कोहली (भारत)
डेरिल मिशेल (न्यूजीलैंड)
हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर) (दक्षिण अफ्रीका)
मार्को जानसन (दक्षिण अफ्रीका)
एडम ज़म्पा (ऑस्ट्रेलिया)
मोहम्मद सिराज (भारत)
कुलदीप यादव (भारत)
मोहम्मद शमी (भारत)
आईसीसीसी की टेस्ट टीम ऑफ द ईयर में शामिल खिलाड़ी
उस्मान ख्वाजा (ऑस्ट्रेलिया)
दिमुथ करुणारत्ने (श्रीलंका)
केन विलियमसन (न्यूजीलैंड)
जो रूट (इंग्लैंड)
ट्रैविस हेड (ऑस्ट्रेलिया)
रविंद्र जडेजा (भारत)
एलेक्स कैरी (विकेटकीपर, ऑस्ट्रेलिया)
पैट कमिंस (कप्तान, ऑस्ट्रेलिया)
रविचंद्रन अश्विन (भारत)
मिशेल स्टार्क (ऑस्ट्रेलिया)
स्टुअर्ट ब्रॉड (इंग्लैंड)
-एजेंसी
- सीबीएसई ने जारी की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा 2027 की डेटशीट; 16 फरवरी से शुरू होंगी दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं - November 6, 2026
- उत्तराखंड राज्योत्सव में गरजे अमित शाह; कहा— “राहुल गांधी ‘वोट बचाओ’ नहीं, बल्कि ‘घुसपैठिया बचाओ’ यात्रा निकाल रहे हैं” - November 6, 2026
- सीतापुर में धनतेरस पर दर्दनाक सड़क हादसा: श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रक ने मारी टक्कर, 5 महिलाओं की मौत, 11 घायल - November 6, 2026