Agra, Uttar Pradesh, India. ‘बच्चा-बच्चा राम का, जन्म भूमि के काम का’, ‘एक ही नारा, एक ही नाम, जय श्री राम जय श्रीराम’ और ‘घर-घर भगवा छाएगा, राम राज्य फिर आयेगा’ के नारों से आज शनिवार को पूरा कमला नगर क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। सड़कों पर हजारों की संख्यां में रामभक्तों भीड़ हाथों में भगवा झंडा लेकर दिखाई दे रही थी और चारों ओर प्रभु श्रीराम के नारे लग रहे थे। दरअसल अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए संपूर्ण भारतवर्ष में चलाये जा रहे निधि संग्रह अभियान के अंतर्गत आज शनिवार सुबह कमला नगर क्षेत्र में भव्य प्रभात फेरी निकाली गयी जिसका नेतृत्व महापौर नवीन जैन ने किया। ढोल-नगाड़े के साथ इस प्रभात फेरी का शुभारंभ महापौर कैम्प कार्यालय से किया गया।

सबसे पहले महापौर नवीन जैन ने बल्केश्वर मंडल के पदाधिकारियों, पार्षदों और क्षेत्रवासियों के साथ एक भव्य रथ पर सवार प्रभु श्रीराम परिवार के स्वरूप की आरती की उसके बाद शंखनाद करते हुए प्रभात फेरी का शुभांरभ किया गया। इस प्रभात फेरी में शामिल सभी लोंगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। चारों ओर प्रभु श्रीराम के भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो रहा था और रामभक्त नाचते-झूमते दिखाई दे रहे थे। इस प्रभात फेरी में कई रामभक्त अपने दोपहिया और चार पहिया वाहन में सवार होकर भी साथ चल रहे थे। बड़ों से लेकर बच्चे तक हाथों में भगवा झंडा लिए हुए थे तो कई बच्चे भगवान हनुमान का मुखौटा लगा कर ‘जय श्री राम’ के नारे लगा रहे थे। वहीं सैकड़ों की संख्या में महिलाएं भी शामिल हुई जो प्रभात फेरी में सबसे आगे चलते हुए राम भजन गा रही थीं।

यही उत्साह और उमंग कमला नगर के वासियों में भी देखने को मिला। जगह-जगह कई घरों में लोग अपने दरवाजे पर सपरिवार पूजा की थाली लेकर प्रभात फेरी के स्वागत को इंतजार कर रहे थे। जैसे ही फेरी उनके दरवाजे पर पहुंची वैसे ही स्वागत के इंतजार में खड़े लोगों ने फूल बरसाये। प्रभु श्रीराम परिवार के स्वरूप की आरती की और उसके बाद इस यात्रा का नेतृत्व कर रहे महापौर नवीन जैन का अभिनंदन किया। वहीं कई लोग अपने घरों की बालकनी और छतों पर खड़े होकर इस प्रभात फेरी को निहार रहे थे और प्रभु श्रीराम के भजनों व गीतों पर तालियां बजाकर इस यात्रा का समर्थन कर रहे थे।

महापौर कैम्प आॅफिस से शुरू हुई यह प्रभात फेरी कमला नगर के ए, बी, सी और डी ब्लाॅक के विभिन्न क्षेत्रों में घूमी। इस दौरान सभी क्षेत्रवासियों से अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण में निधि सहयोग देने की अपील की गयी। यात्रा का समापन श्रीराम चौक, कमला नगर पर किया गया। जहां महापौर नवीन जैन ने श्रीराम मंदिर परिसर में हवन यज्ञ में भाग लिया। इसके बाद महापौर ने सभी रामभक्तों और क्षेत्रवासियों को संबोधित किया। अंत में सभी रामभक्तों और क्षेत्रवासियों को भोज प्रसाद भी वितरण किया गया।

प्रभु श्रीराम के जयकारों के साथ अपना संबोधन शुरू करते हुए महापौर नवीन जैन ने कहा कि सैकड़ों वर्षों से हम जिस राम राज्य की परिकल्पना करते थे उसकी शुरूआत अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निर्माण के साथ होने जा रही है। राम मंदिर निर्माण के लिए भाजपा पार्टी के साथ विभिन्न हिन्दू संगठन और लाखों कार्यकर्ताओं ने प्रयास किया है और कई रामभक्तों ने अपनी बलि दी है। कई बार विपक्षियों ने हमारी आवाज को दबाने का प्रयास किया और राम मंदिर को विवादित बनाये रखा लेकिन जब केन्द्र व प्रदेश में भाजपा की बहुमत की सरकार आयी तो प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रयास से अंततः न केवल अयोध्या विवाद सुलझा बल्कि करोंड़ों हिन्दु के आस्था का प्रतीक श्री राम मंदिर के निर्माण का रास्ता साफ हुआ। लंबे समय तक चले इस संघर्ष में अभी तक हमने तन-मन से सहयोग दिया लेकिन अब करोड़ों हिन्दु की आस्था के प्रतीक इस ऐतिहासिक और भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए धन का सहयोग भी चाहिए इसलिए मैं आप सभी से अपील करता हूं कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण होने जा रहा है उसमें अपना कुछ न कुछ आर्थिक सहयोग भी अवश्य दें और जिसे आज तक इस कार्य में सहयोग करने का मौका नहीं मिला वह भी आगे आये ताकि जब ये भव्य मंदिर बनकर तैयार हो तब हमारी यह भावना जागे कि हमने भी इस मंदिर के लिए सहयोग दिया है।

इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता मुरारी लाल फतेहपुरिया, बल्केश्वर मंडल अध्यक्ष ब्रजकिशोर अग्रवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष महेश निषाद, महामंत्री रवि अग्रवाल, पार्षद सविता अग्रवाल, पार्षद अमित अग्रवाल ग्वाला, पार्षद हरिओम अग्रवाल, पार्षद रवि शर्मा, पार्षद विमल गुप्ता, मुकेश अग्रवाल, ममता शर्मा, गिर्राज बंसल, संदीप उपाध्याय, लाल सिंह शाक्य, अनिल शर्मा, नागेश शर्मा, अमित अग्रवाल पारुल, रवि अरोड़ा, शुभम बंसल, अनिल शर्मा, प्रशांत दुबे, विक्रांत तिवारी, गुलशन कोहली, अंकित कक्कड़, अविनाश गुप्ता, सुशील गुप्ता, दुर्गेश शर्मा, गौरव जैन, विकास दुबे, राजकुमार यादव के अलावा मिशन मोदी अगेन और नवीन युवा संगठन से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे।
- किताबों के नाम पर ‘कमीशन का खेल’ — अभिभावकों का फूटा गुस्सा, पापा संस्था का बड़ा धमाका - March 22, 2026
- Mashhur qimorbozlarning sirli dunyosi Pin up casino bilan kashf eting - March 21, 2026
- Sort of Insurance policies - March 17, 2026