रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज बीकानेर के दौरे पर रहे। उन्होंने यहां कोलायत में भाजपा प्रत्याशी अर्जुनराम मेघवाल के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया। रक्षामंत्री ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार के दौरान कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं थी। घर में घुसकर गला काट दिया जाता था, लोग मार दिए जाते थे। आज भजनलाल सरकार ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को बेहतर करने का प्रयास किया है। अभी तक 9371 आदतन और 646 ईनामी अपराधियों की गिरफ्तारी हुई है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि पहले भारत हथियार विदशों से खरीदता था। कांग्रेस के शासनकाल में हम केवल 600 करोड़ का एक्सपोर्ट करते थे, लेकिन मोदी सरकार ने 10 साल में निर्यात को 31 हजार करोड़ तक पहुंचा दिया। उन्होंने कहा कि मुझे तकलीफ होती है कि जब हमारी सेना सर्जिकल और एयर स्ट्राइक करती है तो कांग्रेस के लोग सवालिया निशान खड़ा करते हैं। हमारे देश की सेना के जवानों के शौर्य और पराक्रम पर प्रश्नचिन्ह लगाने का काम करते हैं। वे उस वक्त सर्जिकल स्ट्राइक का प्रमाण मांग रहे थे।
एक देश-एक चुनाव की कही बात
राजनाथ सिंह ने कहा कि अब वक्त आ गया है कि एक देश-एक चुनाव होना चाहिए। इसके लिए पीएम मोदी ने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के नेतृत्व में कमेटी बनाई है, जिसने अपनी रिपोर्ट राष्ट्रपति को भेज दी है। हमें उम्मीद है कि देश की जनता का समर्थन मिलेगा, लेकिन कांग्रेस लगातार इसका विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के दौर में जब भी मैं विदेश जाता था तो अंतरराष्ट्रीय मंच पर हमारी बातों को अनसुना कर दिया जाता था, लेकिन आज भारत का कद इतना बड़ा है कि जब हम बोलते हैं, तो पूरी दुनिया कान खोलकर सुनती है। अरब के पांच देशों ने अपने सर्वोच्च सम्मान से पीएम मोदी को नवाजा है।
रूस-यूक्रेन युद्ध का किया जिक्र
रक्षामंत्री ने रूस यूक्रेन के युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि उस वक्त देश के कई बच्चे यूक्रेन में फंस गए थे। उस वक्त पीएम मोदी ने रूस, यूक्रेन और अमरीका के राष्ट्रपति को फोन लगाकर साढ़े चार घंटे के लिए युद्ध रुकवा दिया और इसी के बदौलत हम भारतीयों को अपने देश लेकर आ सके। उन्होंने कहा कि कतर में नौसेना के पूर्व सैनिकों को वहां की अदालत ने फांसी की सजा सुना दी थी। उस वक्त भी पीएम मोदी ने कतर के राष्ट्राध्यक्ष को फोन लगाया और उन्होंने हमारे सभी 8 पूर्व सैनिकों को माफ कर दिया।
दुनिया की वित्तीय फर्म कहती है कि वह दिन दूर नहीं है, जब 2027 शुरू होते-होते भारत टॉप थ्री कंट्री में आकर खड़ा हो जाएगा। अमरीका और चीन के बाद भारत का नाम आएगा। पहले घोटाले पर घोटाले होते थे। आज मोदी सरकार को 10 साल हो गए हैं। भारत ही नहीं दुनिया का कोई भी आदमी भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा पाया है। कांग्रेस के मंत्रियों को टूजी घोटाले में जेल की हवा खानी पड़ी। ये हमको भ्रष्टाचार का पाठ पढ़ा रहे हैं।
-एजेंसी
- यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: देर रात 34 IAS अधिकारियों के तबादले, 14 जिलों के बदले गए जिलाधिकारी - September 22, 2026
- श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम: आगरा के रामेश्वरनाथ महादेव मंदिर में आयोजित हुआ भव्य पौष पत्री भंडारा, उमड़े श्रद्धालु - September 22, 2026
- आगरा रामलीला मैदान का निरीक्षण: टूटा मंच, फैली गंदगी और नहीं हटीं झोपड़ियां; महापौर हेमलता दिवाकर ने दिए तीन-चार दिन में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश - September 21, 2026