नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने यूजीसी-नेट (UGC-NET) की तीन प्रमुख परीक्षाएं रद्द किए जाने के मामले को लेकर केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) पर तीखा निशाना साधा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि NTA ने परीक्षा के दो महीने बाद पेपर रद्द करके एक बार फिर साबित कर दिया है कि देश में अब निष्पक्ष शिक्षा व्यवस्था जैसी कोई चीज नहीं बची है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के अन्य विभागों की तरह NTA भी अपनी गलतियां कभी स्वीकार नहीं करती है।
”गलती NTA करती है, सजा छात्र भुगतते हैं”
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्स हैंडल पर लिखा कि मोदी जी, देखिए आपकी NTA ने अभी क्या किया है? सोशियोलॉजी, इंग्लिश और कॉमर्स के लिए UGC-NET परीक्षाएं 22 से 30 जून के बीच हुईं। लगभग दो महीने बाद, NTA ने तीनों परीक्षाओं को रद्द कर दिया क्योंकि उसने गलत पेपर सेट किए थे और पुराने सवाल दोहराए थे।
शिक्षा व्यवस्था को बताया ‘एक्सट्रैक्शन मशीन’
हज़ारों उम्मीदवार जिन्होंने सालों तक तैयारी की, फ़ॉर्म भरे, फ़ीस दी और दूर-दराज़ के सेंटरों तक यात्रा की, उन्हें अब सितंबर में यह सब फिर से करना होगा। गलती NTA करती है, लेकिन सज़ा छात्र भुगतते हैं। मैंने कोटा, देहरादून और प्रयागराज में यह बात कही थी और मैं इसे कहता रहूंगा। यह अब कोई शिक्षा व्यवस्था नहीं है। यह एक ‘एक्सट्रैक्शन मशीन’ (निचोड़ने वाली मशीन) है। यह आपके पैसे, आपके साल, आपकी मानसिक सेहत और आपका आत्मविश्वास ले लेती है और बदले में कुछ नहीं देती। यहां तक कि नौकरी भी नहीं। NTA अभी भी असली सवाल का जवाब नहीं देगी। क्या परीक्षा से पहले ये पेपर लीक हुए थे?
मोदी सरकार के बाकी सभी विभागों की तरह, NTA कभी नहीं मानती कि उसकी गलती है। गड़बड़ी वाले बाकी सभी पेपरों की तरह, मुझे पूरा यकीन है कि इसके लिए किसी की जवाबदेही तय नहीं होगी। धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफ़ा पहला कदम था, आखिरी नहीं। NTA के नेतृत्व की भी जवाबदेही तय होनी चाहिए।
पीएम मोदी ने एक ऐसी व्यवस्था बनाई है जो परीक्षा ठीक से नहीं करा सकती
राहुल गांधी ने छात्रों से कहा कि पीएम मोदी ने एक ऐसी व्यवस्था बनाई है जो परीक्षा ठीक से नहीं करा सकती और फिर परीक्षा देने वाले छात्रों को ही दोषी ठहराती है। आपके साल छीने जा रहे हैं और जब तक PM मोदी इसका जवाब नहीं देते, हम रुकेंगे नहीं।
UGC-NET की 3 विषयों की परीक्षा रद्द
बता दें कि NTA की एक बार फिर किरकिरी हुई है। NTA को UGC-NET के 3 विषयों की परीक्षा रद्द करनी पड़ी है। UGC-NET परीक्षा के 3 विषयों के पेपर दोबारा कराए जाएंगे। UGC-NET के इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी के पेपर दोबारा से होंगे। पेपर में फैक्चुअल, टाइपिंग, ट्रांसलेशन और ग्रामर से जुड़ी गड़बड़ियों की शिकायत के बाद ये फ़ैसला करना पड़ा है।
NTA ने पेपर में स्पेलिंग और प्रिंटिंग की गलतियां मानी है। ये परीक्षाएं नौ सितंबर और दस सितंबर को होंगी। इंग्लिश का पेपर 9 सितंबर सुबह 9 बजे शुरू होगा। कॉमर्स का पेपर 9 सितंबर दोपहर 3 बजे से होगा और सोशियोलॉजी का पेपर 10 सितंबर को सुबह 9 बजे होगा। छात्रों को इसके लिए कोई फीस नहीं देनी होगी।
- आगरा में सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: कमला नगर पुलिस ने लोहिया नगर में मारा छापा, पांच आरोपी गिरफ्तार, मुख्य सरगना फरार - September 29, 2026
- Agra News: पैर में फ्रैक्चर होने के कारण सीढ़ियां नहीं चढ़ सकी महिला, एसीपी इमरान अहमद ने जमीन पर बैठकर सुनी फरियाद - September 29, 2026
- आगरा में खूनी संघर्ष: नशे में हंगामा करने से रोकने पर देवर ने महिला के पेट में घोंपा चाकू, तीन मासूमों के सिर से उठा मां का साया - September 29, 2026