आगरा। संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से समाजवादी पार्टी ने आगरा में ‘घर-घर समाजवादी’ जनजागरण अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। यह फैसला फतेहाबाद रोड स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने की।
बैठक में संगठनात्मक मजबूती और जनसंपर्क के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। सर्वसम्मति से तय किया गया कि पार्टी के कार्यकर्ता, बूथ प्रभारी, सेक्टर प्रभारी और विधानसभा स्तर पर नियुक्त सभी जिम्मेदार पदाधिकारी अभियान के तहत घर-घर जाकर जनता से सीधा संवाद करेंगे।
इस जनजागरण अभियान के माध्यम से समाजवादी विचारधारा, पार्टी की नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों को आमजन तक पहुंचाया जाएगा। बैठक को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने कहा कि संगठन को सक्रिय करना, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करना और जनता के सामने सच्चाई रखना आज की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी केवल चुनाव के समय सक्रिय रहने वाली पार्टी नहीं, बल्कि हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ी रहने वाला संघर्षशील संगठन है।
उन्होंने बताया कि महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं, युवाओं के भविष्य और संविधान पर हो रहे हमलों जैसे मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी हर गली और हर मोहल्ले तक पहुंचेगी। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए बूथ, सेक्टर और विधानसभा स्तर पर जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं, ताकि यह कार्यक्रम अनुशासन, एकजुटता और मजबूती के साथ संचालित किया जा सके।
शब्बीर अब्बास ने सभी कार्यकर्ताओं से निष्ठा, समर्पण और संगठनात्मक अनुशासन के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह जनजागरण अभियान न केवल संगठन को मजबूती देगा, बल्कि जनता की आवाज़ को भी और बुलंद करेगा।
बैठक का संचालन पुष्पेंद्र शर्मा ने किया। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण वर्मा, रामसहाय यादव, फर्रुखशियर, ममता, टपलू, अमरीश फौजदार, सतीश चाहर, राहुल चौधरी, समीर अब्बास, कादिर कुरैशी सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
- सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, संभल हिंसा मामले में मुल्ला अफरोज की NSA के तहत हिरासत रद्द, यूपी सरकार पर 10 लाख का जुर्माना - September 29, 2026
- आगरा में सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: कमला नगर पुलिस ने लोहिया नगर में मारा छापा, पांच आरोपी गिरफ्तार, मुख्य सरगना फरार - September 29, 2026
- Agra News: पैर में फ्रैक्चर होने के कारण सीढ़ियां नहीं चढ़ सकी महिला, एसीपी इमरान अहमद ने जमीन पर बैठकर सुनी फरियाद - September 29, 2026