लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की बिसात अभी पूरी तरह बिछी भी नहीं है कि राज्य का सियासी पारा ‘पोस्टर वार’ के जरिए आसमान छूने लगा है। प्रदेश के कई हिस्सों में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मुलायम सिंह यादव को निशाना बनाकर लगाई गई विवादित होर्डिंग ने राजनीति में भूचाल ला दिया है। इन पोस्टरों के वायरल होते ही सपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने जगह-जगह पहुंचकर इन होर्डिंग्स को न केवल फाड़ दिया, बल्कि कई स्थानों पर उन्हें आग के हवाले कर दिया।
पोस्टर में इस्तेमाल की गई आपत्तिजनक भाषा
इन विवादास्पद होर्डिंग्स पर ‘दिल में बाबर, मुंह में राम’ जैसी अमर्यादित टिप्पणियां लिखी गई थीं, जिसे सपा ने अपने शीर्ष नेतृत्व का अपमान करार दिया है। इस घटना के बाद से समाजवादी पार्टी के खेमे में भारी रोष है। धौरहारा से सपा सांसद आनंद भदौरिया ने मोर्चा संभालते हुए सीधे भाजपा सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर वीडियो साझा करते हुए सीतापुर में लगी होर्डिंग को जलाते हुए अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।
आनंद भदौरिया का सरकार पर गंभीर आरोप
सांसद आनंद भदौरिया ने अपने पोस्ट में लिखा, “सीतापुर में एक बार फिर पार्टी और नेतृत्व के ख़िलाफ़ अमर्यादित होर्डिंग लगाई गई हैं। हमारा सभी समाजवादी साथियों से निवेदन है कि जहां कहीं भी ऐसी होर्डिंग दिखें, उन्हें आग लगा दें।” उन्होंने आरोप लगाया कि यह सारा घटनाक्रम भाजपा सरकार के इशारे पर उत्तर प्रदेश का सूचना विभाग करवा रहा है। उन्होंने इसे सत्ताधारी दल का एक ‘कायराना कृत्य’ करार दिया है।
बीते दो महीनों में तीसरी बार का बवाल
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, बीते दो महीनों के भीतर यह तीसरी ऐसी घटना है जब सपा मुखिया को अपमानित करने के लिए होर्डिंग्स का सहारा लिया गया है। इससे पहले भी प्रदेश में पोस्टर पॉलिटिक्स देखने को मिली थी। हाल ही में हैदरगढ़ में लखनऊ-सुल्तानपुर मार्ग पर प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फोटो लगी होर्डिंग्स को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें कांग्रेस के पूर्व सांसद एपी गौतम के बेटे जयंत गौतम का नाम सामने आया था। उस मामले में शहर कोतवाली पुलिस ने गहन पूछताछ भी की थी।
विपक्ष का आरोप है कि राज्य सरकार जानबूझकर ऐसे विवाद पैदा कर माहौल बिगाड़ने का काम कर रही है, ताकि जनता का ध्यान असल मुद्दों से भटकाया जा सके। फिलहाल, इस पोस्टर वार ने यूपी की राजनीति में तल्खी बढ़ा दी है और आने वाले दिनों में यह विवाद और अधिक गहराने के आसार हैं।
- कन्नौज के स्कूल के क्लासरूम में आपत्तिजनक स्थिति में मिले शिक्षक-शिक्षिका, वायरल क्लिप से शिक्षा विभाग में हड़कंप - July 15, 2026
- आगरा में झमाझम बारिश: उमस भरी गर्मी से बेहाल ताजनगरी को मिली राहत, सुहाना हुआ मौसम - July 15, 2026
- यूपी में गरमाया ‘पोस्टर वार’: मुलायम सिंह-अखिलेश यादव के खिलाफ विवादित होर्डिंग पर मचा बवाल, सपा सांसद ने सरकार को घेरा - July 15, 2026