नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में सियासी लड़ाई पूर्वांचलियों पर आ गई है। 24 घंटे से भी कम वक्त में दिल्ली विधानसभा चुनाव के केंद्र में यूपी-बिहार आ गया है। गुरुवार को दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के दिए एक बयान के बाद राजनीतिक दलों के बीच घमासान जारी है। बीजेपी ने जहां तुरंत इस मुद्दे को लपका और राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर दिल्ली के दूसरे सभी बड़े नेताओं ने इस मुद्दे पर आप को घेरना शुरू कर दिया। यूपी-बिहार के नेता भी इस दंगल में कूद गए। आम आदमी पार्टी की ओर से भी पलटवार किया गया तो वहीं कांग्रेस भी इस मुद्दे पर पीछे नहीं रहने वाली। अब इस पूरे मुद्दे ने कड़कड़ाती ठंड में दिल्ली की सियासत को गर्मा दिया है।
गुरुवार को अरविंद केजरीवाल की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग से मिला था। इस दौरान आम आदमी पार्टी ने चुनाव आयोग से नई दिल्ली सीट पर बीजेपी की ओर से नाम कटवाने और जुड़वाने का आरोप लगाया। बाहर आकर मीडिया से बात करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस सीट पर 15 दिसंबर से 13 हजार नए वोट बनवाने के लिए आवेदन किया गया है। 15 दिन में इतने लोग कहां से आ गए। जाहिर तौर पर ये लोग यूपी और बिहार से लाकर फर्जी वोट बनवा रहे हैं।
अरविंद केजरीवाल के इस बयान को बीजेपी ने लपक लिया और उन्हें घेरना शुरू कर दिया। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर पूर्वांचल के लोगों का अपमान करने का आरोप लगाया और कहा कि विधानसभा चुनाव में हार के डर से वह उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी करने पर उतारू हो गए हैं। जेपी नड्डा के अलावा दिल्ली बीजेपी के भी तमाम नेताओं ने आम आदमी पार्टी पर हमला बोला।
राजधानी दिल्ली में यूपी-बिहार से ताल्लुक रखने वाले वोटर्स की अच्छी खासी तादाद है। 70 सीटों वाली विधानसभा में करीब 18 से 20 ऐसी सीटें हैं जहां इन वोटर्स का सीधा प्रभाव है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली में लगभग 40 लाख पूर्वांचली मतदाता हैं, जो राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के कुल मतदाताओं का 25 प्रतिशत है। दिल्ली की 18 से 20 विधानसभा सीटों पर इनका दबदबा है और ये चुनाव के नतीजों को प्रभावित कर सकते है।
भाजपा और कांग्रेस केजरीवाल की टिप्पणी का राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश कर रही हैं। खास बात यह है कि भगवा पार्टी के पास दिल्ली में एक अलग विंग के रूप में एक विशेष पूर्वांचल मोर्चा है। पूर्वांचली मतदाताओं वाली प्रमुख सीटों में बुराड़ी, लक्ष्मी नगर, द्वारका , पालम, उत्तम नगर, विकासपुरी आदि शामिल है।
बिहार की सत्ताधारी जनता दल (यूनाईटेड) ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की ओर से बार-बार पूर्वांचल के लोगों का अपमान बर्दाश्त के काबिल नहीं है और इसके लिए उन्हें तुरंत माफी मांगनी चाहिए। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि याद रखना जितना अधिकार दिल्ली के अंदर अरविंद केजरीवाल का है, उतना ही अधिकार दिल्ली के अंदर रहने वाले यूपी और बिहार के नागरिकों का भी है उत्तराखंड के नागरिकों का भी है।
योगी ने कहा कि वे भी उतना ही अधिकार रखते हैं। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इस बयान पर अरविंद केजरीवाल को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अन्ना हजारे को धोखा दे सकता है, वह किसी का नहीं हो सकता है। चिराग पासवान ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने बिहारियों को फर्जी वोटर कहा है। केजरीवाल का ये बयान बेहद निंदनीय है, जो कतई बर्दाश्त करने लायक नहीं है। मैं पूछना चाहता हूं कि केजरीवाल को बिहारियों से इतनी नफरत क्यों।
कांग्रेस ने आज वादा किया कि दिल्ली की सत्ता में आने पर वह राष्ट्रीय राजधानी में महाकुम्भ की तरह छठ का आयोजन करेगी तथा यमुना के किनारे इस महापर्व के आयोजन के लिए एक स्थान निर्धारित कर उसे जिला घोषित किया जाएगा। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने इन चुनावी वादों की घोषणा की।
कांग्रेस के इन वादों को दिल्ली में पूर्वांचली मतदाताओं की निर्णायक भूमिका को देखते हुए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। छठ बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश का बड़ा पर्व है। सिंह ने कहा कि महाकुम्भ की तर्ज पर छठ महापर्व मनाया जाएगा। छठ महापर्व के लिए यमुना के किनारे स्थान निर्धारित कर, उसे जिला घोषित किया जाएगा। इस स्थान पर यमुना के घाट का नाम दिवंगत लोक गायिका शारदा सिन्हा के नाम पर रखा जाएगा। कांग्रेस नेता ने बीजेपी और आम आदमी पार्टी पर पूर्वांचली मतदाताओं की अनदेखी करने तथा उन्हें सिर्फ वोटबैंक के नजरिये से देखने का आरोप लगाया।
बीजेपी की ओर से जारी हमलों के बीच आप सांसद संजय सिंह ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने हमेशा पूर्वांचल समाज के लोगों को सम्मानित करने का काम किया है। बीजेपी ने ही हमेशा उन्हें अपमानित किया है। संजय सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने सबसे ज्यादा टिकट पूर्वांचलियों को दिया।
अरविंद केजरीवाल ने गोपाल राय को मंत्री और मुझे सांसद बनाया। दिल्ली में सैकड़ों छठ घाट बनवाए। आप सांसद ने कहा कि दिल्ली की कच्ची कॉलोनियों में रहने वालों लोगों को पक्के मकान देने का वादा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया लेकिन अब तक नहीं दिए। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने यूपी, बिहार के भाइयों को हमेशा अपमानित करन का काम किया है।
-साभार सहित
Discover more from Up18 News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
- Agra News: मघटई तिराहे पर चलती I-10 कार में लगी भीषण आग, चालक की जिंदा जलकर मौत - January 22, 2026
- Agra News: एत्मादपुर के बरहन रोड पर दो कारों की आमने-सामने टक्कर, महिलाएं-बच्चे समेत कई घायल; दो की हालत गंभीर - January 22, 2026
- Agra News: ताजगंज में ‘विराट हिंदू सम्मेलन’ का शंखनाद, पोस्टर विमोचन के साथ तैयारियां तेज, 26 जनवरी को जुटेगा समाज - January 22, 2026