लखनऊ। राजधानी के बंथरा इलाके में सोमवार की शाम एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। उत्तर प्रदेश पुलिस की सिपाही भर्ती परीक्षा दिलाकर अपने बेटे के साथ घर लौट रहे एक पिता की बाइक को तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिता-पुत्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आरोपी चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
परीक्षा के बाद घर लौटते वक्त काल बना डंपर
मृतकों की पहचान इटौंजा के भगौतापुर निवासी 55 वर्षीय कमलेश कुमार त्रिवेदी और उनके 21 वर्षीय बेटे अखिल त्रिवेदी के रूप में हुई है। कमलेश गांव में पान की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। सोमवार को वे अपने छोटे बेटे अखिल को सिपाही भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए कानपुर ले गए थे। शाम करीब 7 बजे, जब दोनों वापस लौट रहे थे, तभी बंथरा के आजाद गेस्ट हाउस के पास एक अनियंत्रित डंपर ने उनकी बाइक को रौंद दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
राहगीरों द्वारा दी गई सूचना पर बंथरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सरोजनी नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हादसे ने परिवार की नींव हिला दी है। मृतक कमलेश के पीछे अब उनकी पत्नी और बड़ा बेटा आकाश बचे हैं, जिनका इस दुखद घटना के बाद रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
फरार चालक की तलाश तेज
पुलिस ने घटनास्थल पर मिले डंपर को अपने कब्जे में ले लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बंथरा पुलिस ने बताया कि फरार चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। प्रशासनिक स्तर पर इस हृदयविदारक घटना को लेकर गहरा शोक व्यक्त किया गया है।
- संजय सिंह का खड़गे के ‘B टीम’ वाले बयान पर करारा पलटवार: बोले— देश भर में बीजेपी की सरकारें बनवाने का अपराध स्वयं कांग्रेस ने किया - November 5, 2026
- त्योहारों पर यूपी पुलिस की छुट्टियां निरस्त: डीजीपी राजीव कृष्ण का सख्त आदेश, 5 से 17 नवंबर तक अलर्ट मोड पर रहेगा पुलिस बल - November 5, 2026
- प्यार, धोखा और आर्थिक शोषण की दर्दनाक दास्तान: शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म? आगरा से ट्रांसफर जीरो एफआईआर पर 40 दिन बाद भी उत्तराखंड पुलिस मौन - November 5, 2026