राम मंदिर में संगठित लूट, चंपत राय सारा माल लेकर चंपत हो गए…चढ़ावा विवाद पर बोले यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय

POLITICS

लखनऊ: अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में कथित चंदा चोरी, चढ़ावे में अनियमितता और अब पवित्र ‘श्रीराम शिलाओं’ के गायब होने की खबरों ने राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इस पूरे प्रकरण को एक “संगठित लूट” करार देते हुए भाजपा और आरएसएस (RSS) पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

‘आस्था का सौदा कर रही भाजपा’

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने एक प्रेस वार्ता में तीखे तेवर अपनाते हुए कहा कि देश की करोड़ों लोगों की आस्था के साथ भाजपा और आरएसएस ने छल किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज धर्म के नाम पर सौदा किया जा रहा है और आस्था को बेचा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि श्रीरामजन्मभूमि को लेकर जो जानकारी सामने आ रही है, वह दिखाती है कि एक संगठित लूट हुई है, जिसमें बड़े-बड़े लोग शामिल हैं और ये बात खुद BJP के पूर्व सांसद कह रहे हैं। अजय राय ने कहा कि श्रीरामजन्मभूमि ट्रस्ट में एक रिटायर्ड ब्यूरोक्रेट नृपेंद्र मिश्रा को चेयरमैन बनाया गया, जो 5 साल 3 महीने तक नरेंद्र मोदी के प्रमुख सचिव थे।

 …चंपत राय सारा माल लेकर चंपत हो गए

उन्होंने कहा कि यानी इस संगठित लूट के जिम्मेदार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। ट्रस्ट में शामिल गोपाल राव पहले से ही विवादित रहे हैं। चंपत राय सारा माल लेकर चंपत हो गए। अनिल मिश्रा समेत RSS की पृष्ठभूमि से आने वाले लोगों को ट्रस्ट में पद दिए गए थे। अब इस मामले में सरकार ने SIT गठित कर मान लिया है कि बहुत ही जबरदस्त तरीके से गड़बड़ी हुई है।

‘पुजारी नहीं, व्यापारी हैं ये लोग’: CLP नेता आराधना मिश्रा

यूपी की CLP नेता आराधना मिश्रा ने कहा कि प्रभु श्री राम में आस्था रखने वाले लोगों की आस्था पर BJP ने आघात किया है। ये लोग प्रभु श्री राम के पुजारी नहीं, बल्कि उनके नाम पर व्यापार करने वाले लोग हैं। उन्होंने कहा कि आज चढ़ावे में घोटाले का मामला सामने आया है, लेकिन अगर पृष्ठभूमि देखें तो जमीन अधिग्रहण के समय भी मेयर के परिवार के लोगों ने सस्ती जमीन खरीदकर ट्रस्ट को महंगे दामों पर बेची थी।

आराधना मिश्रा ने कहा कि हम सभी ने देखा था कि मंदिर के आसपास मौजूद सेना की जमीनों को कैसे नियम बदलकर बड़े-बड़े लोगों को सौंपा गया था। मंदिर निर्माण के समय पहली बारिश में करोड़ों की लागत से बनी सड़क धंस गई थी और गर्भगृह में पानी टपक रहा था। क्या ये सनातन में विश्वास रखने वालों के साथ धोखा नहीं था?

BJP-RSS के लोगों की नीयत न पहले साफ थी और न आज साफ है

आराधना मिश्रा ने कहा कि BJP-RSS ने श्री राम मंदिर परिसर के निर्माण से लेकर चढ़ावे तक में घोटाला किया है। इससे साबित होता है कि BJP-RSS के लोगों की नीयत न पहले साफ थी और न आज साफ है। BJP ने हमेशा प्रभु श्री राम के नाम का व्यापार किया है। इस मामले में उच्च न्यायालय के सिटिंग जज के द्वारा समयबद्ध जांच हो और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि आज ही एक प्रकरण और सामने आया है कि 1250 श्री राम शिलाएं गायब हो चुकी हैं। BJP-RSS ने जिस तरह से प्रभु श्री राम पर आस्था रखने वालों को धोखा दिया है, उससे पर्दा उठ चुका है।

75 सालों के इतिहास में देश ने ऐसी लाचार सत्ता नहीं देखी, जिसके फैसले देश की संसद के बजाय पूंजीपतियों और विदेशी ताकतों के इशारों पर तय होते हैं

यूपी कांग्रेस ने अपने अधिकारिक एक्स पर पीएम मोदी का एक कार्टून पोस्ट करते हुए लिखा कि 75 सालों के इतिहास में देश ने ऐसी लाचार सत्ता नहीं देखी, जिसके फैसले देश की संसद के बजाय पूंजीपतियों के दफ्तरों और विदेशी ताकतों के इशारों पर तय होते हैं।

पीएम मोदी को ‘सिंडिकेट का प्रतिनिधि’ बताया

प्रधानमंत्री जी का ‘आत्मनिर्भर भारत’ का नारा सिर्फ एक छलावा है, क्योंकि हकीकत में देश की पूरी इकॉनमी को अंबानी-अडानी की तिजोरियों में बंद कर दिया गया है। रिमोट कंट्रोल की यह सरकार नागपुर (RSS) के एजेंडे को लागू करने और अमेरिका के हितों को साधने में इतनी मसरूफ है कि देश के युवाओं, किसानों और गरीबों की चीखें इसे सुनाई ही नहीं देतीं। यह देश के प्रधानमंत्री हैं या किसी सिंडिकेट के प्रतिनिधि?

Dr. Bhanu Pratap Singh