गाजियाबाद: अयोध्या स्थित राम मंदिर में हुए कथित दान घोटाले को लेकर सियासत गरमा गई है। मंगलवार को करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल उर्फ अम्मू ने इस मुद्दे पर सरकार और मंदिर ट्रस्ट को आड़े हाथों लेते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राम भक्तों की आस्था के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
’सरकार क्यों है खामोश?’
सूरजपाल अम्मू ने मंदिर ट्रस्ट पर निशाना साधते हुए पूछा कि इतना बड़ा घोटाला सामने आने के बावजूद अभी तक आरोपियों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज क्यों नहीं की गई? उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में ठोस कार्रवाई न होने का कारण यह है कि संबंधित लोग “चोर-चोर मौसेरे भाई” बन गए हैं। उन्होंने नैतिक आधार पर ट्रस्ट के सभी 12 सदस्यों से तुरंत इस्तीफा देने की मांग की है।
योगी सरकार पर तंज, बुलडोजर कार्रवाई पर सवाल
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ‘बुलडोजर नीति’ पर तंज कसते हुए अम्मू ने कहा कि प्रदेश में अवैध निर्माण और अपराध के खिलाफ तो बुलडोजर बहुत तेजी से दौड़ता है, लेकिन इस मामले में सीएम साहब का बुलडोजर आरोपियों की तरफ कब मुड़ेगा? उन्होंने मांग की कि इस महाघोटाले के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
चुनावी मैदान में उतरेगी करणी सेना
अयोध्या विवाद के बीच अम्मू ने उत्तर प्रदेश की राजनीति को लेकर भी बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि करणी सेना आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। सेना उत्तर प्रदेश के 40 जिलों की करीब 50 से 70 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। इन उम्मीदवारों के चयन के लिए सेना के पदाधिकारी पढ़े-लिखे और योग्य व्यक्तियों की तलाश कर रहे हैं।
’राष्ट्रवादी मुसलमानों को भी मिलेगा मौका’
विधानसभा चुनाव के टिकट वितरण पर स्पष्टीकरण देते हुए अम्मू ने कहा कि पार्टी सभी वर्णों के लोगों को प्रतिनिधित्व देगी। उन्होंने यह भी जोड़ा कि यदि कोई ऐसा व्यक्ति जो मुस्लिम समुदाय से है, लेकिन उसके विचार पूरी तरह से ‘राष्ट्रीय हित’ में हैं, तो करणी सेना उसे भी चुनाव लड़ने के लिए टिकट देने में संकोच नहीं करेगी। करणी सेना की इस घोषणा से प्रदेश की सियासी फिजा में हलचल तेज हो गई है।
- सरकार किसी को भी मंत्री बना सकती थी, लेकिन उन्होंने ऐसे व्यक्ति को नया शिक्षा मंत्री बनाया जो रेप आरोपी के समर्थन खड़े थे: राहुल गांधी - July 28, 2026
- आगरा बाल संप्रेषण गृह से फरार हुआ बाल अपचारी; ऑटो चालक की सतर्कता से चंद मिनटों में पकड़ा गया, 5 कर्मचारी नपे - July 28, 2026
- ’रेड रन मैराथन’ में दिखा छात्रों का जोश; विजेताओं को मिला सम्मान, एड्स के खिलाफ एकजुट हुआ आगरा - July 28, 2026