आगरा: संसद में हाल ही में पारित केंद्रीय बजट 2026 को आमजन, खासकर युवाओं तक सरल और समझने योग्य रूप में पहुंचाने के उद्देश्य से माई भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा देशभर में बजट क्विज़ प्रतियोगिता 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आगरा जनपद में भी प्रतियोगिता आयोजित होगी।
प्रतियोगिता के शुभारंभ से पहले मा. विधायक श्री छोटेलाल वर्मा और जिलाधिकारी श्री अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने संयुक्त रूप से बजट क्विज़ प्रतियोगिता 2026 के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया। इस दौरान दोनों ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।
जिला युवा अधिकारी डॉ. श्रवण कुमार सहगल ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य केंद्रीय बजट 2026 को नागरिकों के लिए अधिक सुलभ और नागरिक-केंद्रित बनाना है। इससे युवाओं को बजट प्रावधानों की जानकारी मिलेगी और वे समझ पाएंगे कि बजट उनके दैनिक जीवन को किस तरह प्रभावित करता है।
पोस्टर विमोचन के अवसर पर विधायक श्री वर्मा ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं युवाओं को देश की आर्थिक नीतियों और बजट प्रक्रिया की समझ देती हैं, जो भविष्य में उन्हें जागरूक नागरिक बनने में मददगार साबित होती हैं। जिलाधिकारी श्री बंगारी ने कहा कि यह पहल युवाओं में वित्तीय साक्षरता बढ़ाने और उन्हें नीति-निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है।
यह प्रतियोगिता महाविद्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और कोचिंग केंद्रों के माध्यम से संचालित की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक युवा इसमें भाग ले सकें।
बहु-चरणीय होगी प्रतियोगिता
बजट क्विज़ प्रतियोगिता 2026 का आयोजन बहु-चरणीय प्रारूप में किया जाएगा। इसके तहत राष्ट्रीय स्तर पर ऑनलाइन क्विज़ के माध्यम से जागरूकता बढ़ाई जाएगी। इसके बाद राज्य और केंद्र शासित प्रदेश स्तर पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित होगी।
क्विज़ में शीर्ष अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को निबंध प्रतियोगिता के लिए चुना जाएगा। चयनित प्रतिभागी केंद्रीय बजट 2026 से जुड़े आठ निर्धारित विषयों में से किसी एक पर निबंध प्रस्तुत करेंगे। राज्य और केंद्र शासित प्रदेश स्तर पर चयनित युवाओं को केंद्रीय बजट 2026 पर माननीय प्रधानमंत्री के साथ वर्चुअल संवाद का अवसर भी मिलेगा।
यह एकीकृत क्विज़ माई भारत पोर्टल पर पंजीकृत युवाओं के लिए खुली रहेगी। प्रतियोगिता 3 फरवरी से शुरू होकर 17 फरवरी 2026 तक चलेगी।
माई भारत की यह पहल युवाओं को बजट, नीति और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे युवा वर्ग आर्थिक विषयों को बेहतर ढंग से समझ सकेगा।
- फरवरी में ही छूटने लगे पसीने! दिल्ली-NCR में शुरू हुआ पंखों का दौर, मार्च से पहले ही 34 डिग्री पहुंचा पारा - February 26, 2026
- आगरा-ग्वालियर हाईवे पर ‘काल’ बनकर दौड़ा डंपर: बाइक सवार दंपत्ति को बेरहमी से कुचला, तोड़ा दम - February 26, 2026
- शराब के नशे में ‘कत्ल-ए-भाई’: आगरा पुलिस ने हत्यारोपी छोटे भाई को दबोचा, लोहे की पाइप बरामद - February 25, 2026