आगरा: ताजनगरी में रोंग साइड वाहन चलाकर दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ पुलिस ने बेहद कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। सड़क हादसों और जाम की समस्या को देखते हुए आगरा पुलिस ने अब केवल चालान नहीं, बल्कि सीधे मुकदमा (FIR) दर्ज करना शुरू कर दिया है। पिछले 24 घंटों के भीतर जिले के विभिन्न थानों में रोंग साइड ड्राइविंग के 7 मामले दर्ज किए गए हैं।
कमला नगर और जगदीशपुरा में बड़ी कार्रवाई
पुलिस की इस सख्ती की जद में शहर के कई पॉश इलाके भी आए हैं। कमला नगर में एसआई अमित कुमार ने प्रोफेसर कॉलोनी निवासी सुनील गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि वे अग्रवाल कट के पास लापरवाही से रोंग साइड स्कूटी चला रहे थे। इसके अलावा जगदीशपुरा में देगौर नगर निवासी सुधीर यादव के खिलाफ भी रोंग साइड वाहन लाने पर एफआईआर दर्ज की गई है। इसके अतिरिक्त न्यू आगरा में दो, ट्रांस यमुना में दो और हरीपर्वत थाने में एक मुकदमा दर्ज किया गया है।
BNS की धारा 281 के तहत होगी 6 महीने की जेल
पुलिस ने बताया कि ये सभी मुकदमे भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 के तहत दर्ज किए गए हैं। इस धारा के अंतर्गत दोषी पाए जाने पर 6 महीने की जेल हो सकती है।साथ ही एक हजार रुपये तक का जुर्माना भी लगाया जा सकता है।
पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि शहर की सड़कों पर नियमों का उल्लंघन कर जान-माल को खतरा पैदा करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
- लखनऊ में मोबाइल किश्त न चुकाने पर रिकवरी एजेंटों ने मजदूर को चार दिन तक बंधक बनाकर निकाला खून, गोमती में फेंकने की धमकी - September 15, 2026
- आगरा में NEET पास छात्र निकला ट्रेनों का शातिर चोर: गर्लफ्रेंड के कैंसर के इलाज और ऐशो-आराम के लिए खड़ा किया चोरी का नेटवर्क, 25 लाख के जेवर बरामद - September 15, 2026
- आगरा के प्राचीन श्री सिद्धिविनायक मंदिर में 66वें गणेश महोत्सव के तहत हुआ विशाल भंडारे का आयोजन, हजारों भक्तों ने पाई प्रसादी - September 15, 2026