रक्षाबंधन पर्व को लेकर रोड़वेज विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। बहनों को इस बार भी निःशुल्क बस यात्रा कराई जाएगी तो वहीं इस पर्व पर यात्रियों की अच्छी खासी भीड़ को देखते हुए 10 अगस्त से 15 अगस्त तक अधिक से अधिक बसों को सड़कों पर दौड़ाया जाएगा। राखी पर भाइयों के घर जाने वाली महिलाओं की सुविधा के लिए रोडवेज 10 से 15 अगस्त तक बेड़े की 558 बसों का संचालन नियमित रूप से करेगा। बसों के फेरे भी बढ़ाए जाएंगे। इस दौरान चालक, परिचालकों का अवकाश निरस्त रहेगा। प्रमुख बस अड्डों पर अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
इन रूटों पर चलेंगी अतिरिक्त बसें
परिवहन निगम क्षेत्रीय प्रबंधक अशोक कुमार ने बताया कि 10 अगस्त की सुबह से ही बेड़े की सभी बसें विभिन्न रूटों पर संचालित होंगी। दिल्ली, नोएडा, पलवल, फरीदाबाद जैसे व्यस्ततम रूटों पर बसों की संख्या दोगुनी की जाएगी। आईएसबीटी, ईदगाह, बिजलीघर के अलावा भगवान टाकीज चौराहा, वाटरवर्क्स, रामबाग, सिकंदरा, सेवला, ईदगाह आदि से भी बसों का संचालन किया जाएगा। हर आधा घंटे के बाद बस मुहैया होगी। आगरा, अलीगढ़ के साथ ही राजस्थान की बसें भी लगातार सेवाएं देंगी।
बहनों को मुफ्त यात्रा
सरकार की ओर से इस बार भी बहनों को नि:शुल्क यात्रा का तोहफा मिला है। इसको लेकर रोड़वेज विभाग ने सभी तैयारियां कर ली हैं। यह निशुल्क यात्रा 10 अगस्त रात्रि 12 बजे से शुरू हो जाएगी जो 12 अगस्त की रात्रि 12 बजे तक रहेगी। इस दौरान ईटीएम मशीनों से शून्य मूल्य का टिकट दिया जाएगा। इसके लिए मशीनों में बदलाव किया जा रहा है।
6 दिनों के लिए अवकाश निरस्त
विशेष परिस्थितियों को छोड़कर बस संचालन से संबंधित समस्त अधिकारी चालक, परिचालक व संचालन शाखा के कर्मचारियों को उक्त 6 दिवसों की अवधि के दौरान कोई अवकाश नहीं दिया जाएगा। इस अवधि के दौरान कोई भी अधिकारी अपना कार्यक्षेत्र नहीं छोड़ेंगे।
दी जाएगी तो प्रोत्साहन राशि
रोडवेज विभाग के अधिकारियों के अनुसार 10 अगस्त से 15 अगस्त 2022 तक लगातार ड्यूटी करने वाले परिवहन निगम के समस्त चालक परिचालकों, पर्यवेक्षकों एवं तकनीकी शाखा के कर्मचारियों के लिए 6 दिनों की प्रोत्साहन योजना भी तैयार की है। 10 अगस्त से 15 अगस्त तक प्रतिदिन औसतन 300 किलोमीटर के हिसाब से 6 दिनों में कुल 1800 किलोमीटर बस संचालन करने वाले सभी संविदा व नियमित चालकों व परिचालकों के लिए 1200/- रुपए प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। प्रोत्साहन अवधि के दौरान 6 दिनों तक लगातार ड्यूटी करने वाले तकनीकी शाखा के कर्मचारियों को एकमुश्त ₹500 की धनराशि दी जाएगी।
-एजेंसी
Related
- आगरा रामलीला महोत्सव: राम-रावण युद्ध देखने उमड़ा भारी जनसैलाब, दो घंटे तक चली शानदार आतिशबाजी से जगमगाया आसमान, गूंजे ‘जय श्रीराम’ के जयघोष - October 21, 2026
- आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम: वृद्धजनों और समाजसेवियों के सम्मान के साथ हुआ आगरा के ऐतिहासिक दशहरा मेले का समापन - October 21, 2026
- श्री मनःकामेश्वर रामलीला महोत्सव में राम-रावण युद्ध और रावण वध का भव्य मंचन: “अधर्म पर धर्म की विजय” के जयकारों से गूंजी रणभूमि - October 21, 2026