‘युवा निभाए बेहतर राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी’: सीएम योगी – Up18 News

‘युवा निभाए बेहतर राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी’: सीएम योगी

POLITICS

आगरा। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग से भाजपा ने लोकसभा चुनाव की तैयारियों का बिगुल फूंक दिया है। प्रशिक्षण वर्ग के तीसरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे थे। भाजयुमो के कार्यकर्ता सीएम योगी को अपने बीच पाकर काफी उत्साहित नजर आए। सीएम योगी भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को एक बेहतर राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने और अभी से लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाने का मंत्र दे गए हैं। अब भाजयुमो कार्यकर्ता इस मंत्र को जीवन में धारण कर राष्ट्र निर्माण और लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने की बात कह रहे हैं।

6 अगस्त से फतेहाबाद रोड स्थित एसएनजे रिसोर्ट में भाजपा युवा मोर्चा का प्रशिक्षण वर्ग चल रहा है। प्रशिक्षण वर्ग के तीसरे दिन सीएम योगी आदित्यनाथ इसमें शामिल हुए। उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युवा एक बेहतर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे सकता है। क्योंकि युवा पीढ़ी के कंधों पर ही इस देश की जिम्मेदारी है। आज का युवा हमारे देश की रीड की हड्डी है। इसीलिए युवा को एक बेहतर राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाना होगा।

प्रशिक्षण वर्ग के समापन समारोह को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी भी भाजयुमो के कार्यकर्ताओं पर है। उन्होंने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए अभी से जुट जाने की भी नसीहत दी। उन्होंने डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप, वन डिस्ट्रिक वन प्रोडक्ट, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, अग्निवीर जैसी सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन योजनाओं को प्रदेश भर के युवाओं तक ले जाएं और उन्हें भी पार्टी से जोड़ने का काम करें। सभी कार्यकर्ताओं को 2024 के चुनाव में किस तरह से कार्य करना है, इसका पूरा मूल मंत्र सीएम योगी ने सभी को दिया।

सीएम योगी आदित्यनाथ के प्रशिक्षण वर्ग के रवाना होने के बाद भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी पत्रकारों से रूबरू हुए। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण वर्ग में संगठन के सभी लोगों का मार्गदर्शन मिला है। उन सभी का मार्गदर्शन मिलने से भाजपा युवा मोर्चा का कार्यकर्ता काफी उत्साहित है।

उन्होंने बताया कि सीएम योगी भी मोर्चा के सभी कार्यकर्ताओं को बेहतर राष्ट्र निर्माण और जीत का मूल मंत्र देकर गए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों में अभी से जुड़ने का आह्वान किया है जिसके बाद अब कार्यकर्ता चुनाव की तैयारियों में जुट जाएगा, साथ ही योगी और मोदी सरकार की जो योजनाएं हैं उन्हें युवाओं तक पहुंचाकर उनको भी पार्टी से जोड़ने का काम करेगा।