सुप्रीम कोर्ट ने बीजेपी की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा को कड़ी फटकार लगाई है. सुप्रीम कोर्ट ने नूपुर शर्मा की ही अर्ज़ी पर सुनवाई करते हुए कहा है कि शर्मा के बयान ने पूरे देश को ख़तरे में डाल दिया.
शीर्ष न्यायालय ने सुनवाई के दौरान कहा कि नूपुर शर्मा का बयान ही उदयपुर में हुई दुर्भाग्यपूर्ण वारदात के लिए ‘ज़िम्मेदार’ है. सुप्रीम कोर्ट ने शर्मा की अर्ज़ी ख़ारिज करते हुए उन्हें हाई कोर्ट जाने को कहा है. इसके बाद नूपुर शर्मा ने सर्वोच्च न्यायालय से अपनी अर्ज़ी वापस ले ली.
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने ये भी सवाल किया कि एक टीवी चैनल का एजेंडा चलाने के अलावा ऐसे मामले पर डिबेट करने का क्या मक़सद था, जो पहले ही न्यायालय के अधीन है और नूपुर शर्मा को भी ऐसा बयान देने की क्या ज़रूरत थी?
बीजेपी से निलंबित हो चुकीं नूपुर शर्मा ने पैग़ंबर विवाद में उनके ख़िलाफ़ देश के अलग-अलग राज्यों में दर्ज हुई सभी एफ़आईआर को दिल्ली शिफ़्ट करने के लिए सुप्रीम कोर्ट में अर्ज़ी दी है.
नूपुर शर्मा ने एक टीवी डिबेट के दौरान पैग़ंबर मोहम्मद पर कथित रूप से विवादित टिप्पणी की थी, जिसके विरोध में देश के कई राज्यों में उनके ख़िलाफ़ लगभग एक दर्जन एफ़आईआर दर्ज कराई गई थीं.
इस बयान के विरोध में दर्जन भर से अधिक मुस्लिम देश आ गए थे और भारत सरकार के समक्ष आधिकारिक तौर पर विरोध दर्ज कराया था.
हालाँकि, बाद में भारत सरकार ने कहा था कि ये कुछ ‘फ़्रिंज एलिमेंट’ की ओर से दिए गए बयान हैं और ये भारत सरकार के विचारों को नहीं दर्शाते.
नूपुर शर्मा की ओर से पेश हुए वकील मनिंदर सिंह ने कहा कि उनके मुवक्किल ने अपने बयान वापस लिया और इसके लिए माफ़ी भी मांगी.
इस पर सुप्रीम कोर्ट ने इससे नाख़ुशी ज़ाहिर करते हुए कहा कि उन्हें टीवी पर जाकर पूरे देश से माफ़ी मांगनी चाहिए थी.
सुप्रीम कोर्ट ने नूपुर शर्मा के वकील से कहा, “उन्होंने बहुत देर कर दी और उन्होंने सशर्त अपना बयान वापस लिया. उन्होंने कहा कि अगर किसी की भावनाएं आहत हुई तो वो माफ़ी मांगती हैं.”
सुप्रीम कोर्ट में अर्ज़ी दायर करने पर शीर्ष न्यायालय ने कहा, “ऐसा लगता है कि देश के मैजिस्ट्रेट उनके लिए बहुत छोटे हैं.”
सुप्रीम कोर्ट ने नूपुर शर्मा की बयानबाज़ी पर सवाल किया और कहा, “अगर आप एक पार्टी की प्रवक्ता हैं, तो आपके पास इस तरह के बयान देने का लाइसेंस नहीं है.”
सुप्रीम कोर्ट ने कहा, “जिस तरह से नूपुर शर्मा ने देशभर में भावनाओं को उकसाया, वैसे में ये देश में जो भी हो रहा है उसकी अकेली ज़िम्मेदार हैं.”
इस पर नूपुर शर्मा के वकील मनिंदर सिंह ने दलील दी, “नूपुर कहीं नहीं जाएंगी और जो एजेंसी जब भी जांच के लिए बुलाएगी, वो पूरा सहयोग करेंगी.”
-एजेंसियां
- ’चलो गाँव की ओर’: लायंस क्लब और आगरा डायबिटीज फोरम ने बलदेव में लगाया मेगा हेल्थ कैंप, 500 मरीजों को मिली राहत - February 22, 2026
- Agra News: वीआईपी रोड पर ट्रैफिक नियमों के उड़े परखच्चे, सनरूफ खोलकर स्टंट करते दिखे युवा, एक्शन की तैयारी - February 22, 2026
- सलाम! विदाई के बाद ससुराल नहीं, सीधे ‘इंटरव्यू’ देने पहुंची दुल्हन; दूल्हे की समझदारी ने पेश की महिला सशक्तिकरण की मिसाल - February 22, 2026