आगरा: उत्तर प्रदेश के उद्यान एवं कृषि विपणन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को आगरा के मंडलायुक्त सभागार में एक भव्य ‘आलू क्रेता-विक्रेता सम्मेलन’ संपन्न हुआ। इस सम्मेलन में आगरा सहित हाथरस, मथुरा, फिरोजाबाद, कन्नौज और अलीगढ़ जैसे 10 से अधिक जनपदों के आलू उत्पादकों, निर्यातकों और शीतगृह स्वामियों ने भाग लिया।
आगरा की वैश्विक पहचान: चीन के बाद अब सींगना का नंबर
मंत्री महोदय ने एक ऐतिहासिक घोषणा करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय आलू केंद्र (CIP), पेरू की साउथ एशिया शाखा अब आगरा के सींगना में स्थापित होने जा रही है। चीन के बाद यह एशिया का ऐसा दूसरा केंद्र होगा, जो आगरा को विश्व पटल पर नई पहचान देगा। उन्होंने बताया कि इस केंद्र के शुरू होने से बीज अनुसंधान, उत्पादन और फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव आएंगे।
किसानों के लिए ‘जीरो चालान’ और 100 करोड़ का फंड
किसानों की समस्याओं पर त्वरित संज्ञान लेते हुए मंत्री ने बताया कि अब कोल्ड स्टोर में आलू ले जा रहे वाहनों का पुलिस चालान नहीं करेगी। इसके लिए गृह विभाग और परिवहन आयुक्त को स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
साथ ही, उन्होंने जानकारी दी कि आलू की कीमतों को स्थिर रखने के लिए केंद्र सरकार से 100 करोड़ रुपये का मार्केट इंटरवेंशन फंड प्राप्त करने के सफल प्रयास किए जा रहे हैं। इससे आलू की सरकारी खरीद में तेजी आएगी और किसानों को उनकी उपज का सही दाम मिल सकेगा।
उड़ीसा भेजी जाएगी 15 लाख मीट्रिक टन की खेप
इस वर्ष हुई बंपर पैदावार को देखते हुए सरकार ने आलू की खपत के लिए दूसरे राज्यों से संपर्क साधा है। मंत्री ने बताया कि अकेले उड़ीसा सरकार के माध्यम से 15 लाख मीट्रिक टन आलू की खपत सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा, आगरा मंडल में सरप्लस आलू के प्रबंधन के लिए नई प्रोसेसिंग यूनिट्स लगाने पर सरकार 35 प्रतिशत सब्सिडी प्रदान कर रही है।
डिजिटल समाधान: अब ऐप पर दिखेगा कोल्ड स्टोर का डेटा
किसानों की सहूलियत के लिए एक नया मोबाइल ऐप सक्रिय किया गया है। इस ऐप के माध्यम से किसान घर बैठे यह जान सकेंगे कि किस कोल्ड स्टोर में कितनी क्षमता शेष है और प्रतिदिन वहां से कितनी निकासी हो रही है।
किसानों और व्यापारियों के बीच बनेगी नई पॉलिसी
सम्मेलन में आए सुझावों के आधार पर मंत्री ने निर्देश दिए कि व्यापारियों द्वारा खरीद के एक सप्ताह के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए ठोस पॉलिसी बनाई जाए। साथ ही, आलू को मंडी शुल्क से मुक्त रखने और किसानों को बैंकों से लोन दिलाने हेतु ‘पक्की पर्ची’ की व्यवस्था पर भी सहमति बनी।
सींगना में अंतरराष्ट्रीय आलू केंद्र का निरीक्षण
सम्मेलन के पश्चात उद्यान मंत्री ने सींगना स्थित अंतरराष्ट्रीय आलू केंद्र की साइट का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति देखी और अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस प्रोजेक्ट को समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए ताकि किसानों को विश्व स्तरीय तकनीक का लाभ मिलना शुरू हो सके।
सम्मेलन में मुख्य उपस्थिति:
विधायक डॉ. धर्मपाल, छोटेलाल वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, अपर मुख्य सचिव बीएल मीणा, मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप, जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी और सीआईपी कंट्री हेड नीरज शर्मा सहित भारी संख्या में किसान और निर्यातक मौजूद रहे।
- आगरा के स्वाद में महंगाई का ‘तड़का’: रसोई गैस के दाम बढ़ते ही ताजनगरी की शान बेड़ई-जलेबी हुई महंगी - March 11, 2026
- आगरा में पुलिस भर्ती परीक्षा का महाकुंभ: 28 केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, सूरसदन में अधिकारियों ने दिए पारदर्शिता के निर्देश - March 11, 2026
- अब पुलिस नहीं काट सकेगी आलू लदे वाहनों का चालान: योगी सरकार का बड़ा फैसला, कोल्ड स्टोरेज जा रहे किसानों को मिली बड़ी छूट - March 11, 2026