लखनऊ। यूपी में कोरोना फिर तेजी से बढ़ रहा है, राजधानी लखनऊ में 7 महीने बाद बुधवार को एक दिन में 97 पॉजिटिव केस मिले हैं। इसके बाद प्रशासन ने कोरोना को लेकर नई गाइडलाइन जारी कर दी। इसमें स्कूल, दफ्तर, अस्पताल, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और पब्लिक प्लेस पर मास्क को अनिवार्य कर दिया गया है। साथ ही हाथ नहीं मिलाने की भी बात कही गई है। हालांकि मास्क नहीं लगाने पर किसी जुर्माने का अभी प्रावधान नहीं किया गया है।
प्रदेश में बुधवार को 24 घंटे में 446 नए मरीज सामने आए हैं। वहीं, 149 मरीज ठीक हुए हैं। इसके साथ एक्टिव केस की संख्या 1791 पहुंच गई। पॉजिटिविटी रेट 1.63 है। सबसे ज्यादा मरीज राजधानी लखनऊ में हैं।
सितंबर-2022 के बाद राजधानी में 97 केस सामने आए हैं। मंगलवार को 402 नए केस आए थे। जबकि सोमवार को 176 केस मिले थे।
इधर, प्रदेश में बढ़ते कोरोना के चलते सीएम योगी ने लोक भवन में सीनियर अधिकारियों के साथ मीटिंग की। उन्होंने मंगलवार को कोरोना को लेकर हुई मॉक ड्रिल की समीक्षा की। अफसरों से किसी भी हालत से निपटने के लिए तैयारियां रखने के निर्देश दिए हैं।
बुधवार को लखनऊ डीएम सूर्यपाल गंगवार और CMO डॉ. मनोज अग्रवाल भी इंटीग्रेटेड कोविड कमांड कंट्रोल सेंटर पहुंचे। वहां कोविड प्रबंधन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।। डीएम ने वीडियो जारी कर लोगों से मास्क पहनने और सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने की अपील की। इसके कुछ ही देर बाद लखनऊ में कोरोना की नई गाइडलाइन जारी कर दी गई। इसमें मास्क अनिवार्य किया गया है।
13 दिन में मिले 2763 केस, 508% बढ़े एक्टिव केस
यूपी में 13 दिन के भीतर प्रदेश में 2763 पॉजिटिव केस आ चुके हैं। इस दौरान कोरोना के एक्टिव केस 352 से बढ़कर 1791 हो गए हैं। यानी 508% से ज्यादा का इजाफा हुआ है। बुधवार सुबह आई रिपोर्ट में 9 जिले श्रावस्ती, कौशांबी, महोबा, कुशीनगर, कानपुर देहात, इटावा, फिरोजाबाद, बदायूं, शाहजहांपुर में एक भी केस नहीं हैं।
लखनऊ, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद में सबसे ज्यादा केस
लखनऊ में 97 पॉजिटिव केस (एक्टिव केस – 403) हैं। वहीं गौतमबुद्ध नगर यानी नोएडा में 69 पॉजिटिव मरीज (एक्टिव केस – 351) और गाजियाबाद में 50 (एक्टिव केस 232) मिले हैं। इसके अलावा वाराणसी में 11 पॉजिटिव केस (एक्टिव केस – 55) मिले हैं। आगरा में 14 (एक्टिव केस – 48), प्रयागराज में 17 (एक्टिव केस – 47) और मेरठ में 18 (एक्टिव केस – 38) केस सामने आए हैं। इस दौरान 49 हजार 444 सैंपल की जांच की गई।
- ‘नौकरी’ कभी भी भाजपा के एजेंडे में थी ही नहीं…एलोपैथिक फार्मेसिस्ट अभ्यर्थियों से मुलाकात के बाद बोले सपा प्रमुख - September 16, 2026
- 2027 की सियासी तैयारियों में जुटी बीजेपी, राजनीतिक गलियारों में उठ रहा सवाल— क्या चुनाव से पहले यूपी में लागू होगा UCC? - September 16, 2026
- यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सपा की नई रणनीति: विश्वविद्यालयों और कैंपस में ‘छात्र नौजवान पड़ाव अभियान’ की शुरुआत, Gen Z युवाओं को साधने में जुटी छात्र सभा - September 16, 2026