छह अंतर्राष्ट्रीय ताजरंग महोत्सव सफल कराने पर सहयोगियों का अभिनंदन
नटरांजलि थियेटर आर्ट्स ने शहरवासियों के सहयोग के लिए कृतज्ञता जताई
नृत्य, नाट्य, कला के प्रति समर्पित अलका सिंह को आगरा का गौरव बताया
Agra, Uttar Pradesh, India. नटरांजलि थियेटर आर्ट्स (एनटीए) ने आगरा में भगवान नटराज की कृपा से छह अंतर्राष्ट्रीय ताज रंग महोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न कराए हैं। समारोहों के सभी सहयोगियों, शुभचिंतकों एवं मार्गदर्शकों के लिए आभार एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन फतेहाबाद रोड स्थित होटल रेडिसन में किया गया। एनटीए की निदेशक अलका सिंह ने शहरवासियों के सहयोग के लिए कृतज्ञता जताई। अतिथियों ने कहा कि नृत्य, नाट्य, कला के प्रति समर्पित अलका सिंह वास्तव में आगरा का गौरव हैं।
इस मौके पर जानी-मानी आहार विशेषज्ञ रेनुका डंग ने रामायण की एक कहानी सुनाई- रामसेतु निर्माण के दौरान एक गिलहरी रेत में लोटपोट होकर रामसेतु तक आती थी। लक्ष्मण को अजीब लगा। राम से कहा कि- यह गिलहरी क्या कर रही है। राम ने गिलहरी को अपने हाथ में लिया और पूछा तो उसने कहा – धर्म के काम में मुझसे जो बन रहा है, वह कर रही हूँ। राम ने प्यार से गिलहरी की पीठ पर हाथ फेरा और तभी से राम की अंगुलियों की छाप बन गयी। इसी तरह से हम सब अलका सिंह की गिलहरी हैं। जिससे जो सहयोग बन रहा है, कर रहे हैं।

जनसंदेश टाइम्स के कार्यकारी संपादक डॉ. भानु प्रताप सिंह ने भी रामायण का प्रसंग सुनाया। उन्होंने कहा- लंका पर विजय पाने के बाद लक्ष्मण ने राम से कहा कि अब यहीं पर शासन करते हैं। तब राम ने लक्ष्मण से कहा था- हे लक्ष्मण, यद्यपित लंका सोने की है लेकिन मुझे अच्छी नहीं लगती क्योंकि मेरे लिए जन्मभूमि स्वर्ग से भी बढ़कर है। यही भारतीय संस्कृति है। हम कहीं भी रहें लेकिन अपने देश को न भूलें। अलका सिंह हमारी इसी भारतीय संस्कृति की संवाहक हैं। वे आगरा और देश का नाम पूरी दुनिया में रोशन कर रही हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्कार भारती के अखिल भारतीय संस्थापक संरक्षक पद्मश्री बाबा योगेन्द्र दा, प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता एवं अलका सिंह ने नटराज की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं नारियल समर्पित कर किया।

रंगारंग कार्यक्रम की शुरुआत महोत्सव क्वीन वैष्णवी शर्मा के भरतनाट्यम नृत्य से हुई, जिसके बोल थे- शंभू शिव शंभू स्वयंभू। उनकी प्रस्तुति देख हर कोई रोमांचित हो गया। बाल कलाकार खुशनव खिरवार ने लुंगी डांस नृत्य करके दर्शकों का दिल जीत लिया।
सम्मानित होने वाले अतिथियों में प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता, डॉ. एमपीएस ग्रुप के चेयरपर्सन स्क्वाड्रन लीडर डॉ ए.के. सिंह, महिला उद्यमी और समाजसेवी डॉ. रेनुका डंग, तपन ग्रुप के निदेशक सुरेश चंद्र गर्ग, प्रचार विशेषज्ञ अंकुर अग्रवाल, भाजपा नेता हेमंत भोजवानी, जनसंदेश टाइम्स के कार्यकारी संपादक डॉ. भानु प्रताप सिंह प्रमुख हैं। जनसंदेश टाइम्स के संपादक नितेश शर्मा का सम्मान बबले भारद्वाज और डॉ. भानु प्रताप सिंह ने ग्रहण किया। कार्यक्रम का सरस संचालन अलका सिंह ने किया। उन्होंने नटराज की महत्ता पर प्रकाश डाला और नृत्य शास्त्र को पंचम वेद बताया।

गणमान्य अतिथियों में पत्रकार नसीम अहमद, आम आदमी पार्टी की प्रदेश सचिव डॉ. हृदेश चौधरी, पत्रकार रिंकी उपाध्याय, शामिन ब्रूस तिवारी, समाजसेवी राजकुमारी पाराशर आदि थे। नटरांजलि थियेटर आर्ट्स संस्था की ओर से एस.के. बग्गा, लालाराम तैनगुरिया, रोहित कत्याल, सौरभ सिंह, सुदीप उमा, आरती सिंह की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। कार्यक्रम में विशेष सहयोग रहा शिक्षाविद् एवं समाजसेवी नितेश शर्मा का। व्यवस्थाओं में सहयोग किया सीपी सिंह चौहान एवं नंदकिशोर नंदू ने।

- किताबों के नाम पर ‘कमीशन का खेल’ — अभिभावकों का फूटा गुस्सा, पापा संस्था का बड़ा धमाका - March 22, 2026
- Mashhur qimorbozlarning sirli dunyosi Pin up casino bilan kashf eting - March 21, 2026
- Sort of Insurance policies - March 17, 2026