मणिपुर में एन बीरेन सिंह ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, जेपी नड्डा भी रहे मौजूद

मणिपुर में एन बीरेन सिंह ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, जेपी नड्डा भी रहे मौजूद

POLITICS


मणिपुर में एन बीरेन सिंह ने सोमवार को फिर से मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस मौके पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद थे। उनके अलावा नेमचा किपगेन, वाई. खेमचंद सिंह, थोंगम विश्वजीत सिंह, अवंगबौ न्यूमाई, और गोविंदास कोंथौजम ने इम्फाल में राज्य के कैबिनेट मंत्रियों के रूप में शपथ ली। भाजपा ने प्रदेश में एक बार फिर से सरकार बनाई है। इससे पहले रविवार को इंफाल में मणिपुर भाजपा विधायक दल की बैठक में एन बीरेन सिंह को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। इसी के साथ तय हो गया कि एन बीरेन सिंह दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बनेंगे। बीजेपी विधायक दल की बैठक में केन्द्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री किरण रिजिजू भी शामिल हुए थे। इस मौके पर केंद्रीय श्रम मंत्री भूपेन्द्र यादव, बीजेपी के राज्यसभा सदस्य लैशेम्बा सनाजाउबा और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा भी मौजूद थे।
बता दें कि मणिपुर की 60 सदस्यीय विधानसभा में 32 सीट जीत कर बीजेपी ने सत्ता में वापसी की है। कांग्रेस मात्र पांच सीटों पर सिमट गई है। चुनाव में बीरेन सिंह ने हिंगांग सीट से कांग्रेस के पी शरतचंद्र को हराकर जीत हासिल की थी. एन बीरेन सिंह ने कांग्रेस प्रतिद्वंदी पी शरतचंद्र को 18,000 से अधिक वोट से हराया था। बता दें कि पिछले चुनाव 2017 में बीजेपी सीटों के मामले में कांग्रेस के बाद दूसरे नंबर की पार्टी थी, इसके बावजूद भी उसने कांग्रेस के सदस्यों को अपने पाले में मिलाकर सरकार बना ली थी और एन बीरेन सिंह राज्य के मुख्यमंत्री बन गए थे।
-एजेंसियां