आजमगढ़। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने हाल ही में ताजमहल के भीतर कथित भजन-कीर्तन को लेकर सामने आए वायरल वीडियो पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। आजमगढ़ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राजभर ने कहा कि ताजमहल एक ऐसी जगह है जहाँ सभी धर्मों के लोग जाते हैं। उन्होंने कहा, “वहाँ हर व्यक्ति अपनी आस्था और परंपरा के अनुसार दर्शन करता है। हिंदू अपनी भाषा में प्रार्थना करेगा और मुसलमान अपनी भाषा में इबादत करेगा, यह उनकी व्यक्तिगत आस्था का विषय है।”
ताजमहल की सुरक्षा और वहां हो रही गतिविधियों पर उठ रहे सवालों के जवाब में मंत्री ने कहा कि वहां लोग टिकट लेकर घूमने-टहलने जाते हैं। पुरातत्व विभाग इसकी देखरेख कर रहा है। उन्होंने कहा, “अगर कोई वहां कुछ अलग कर रहा है, तो यह जांच का विषय है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ निश्चित रूप से कार्रवाई होगी।”
अखिलेश यादव पर साधा निशाना
सपा मुखिया अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए राजभर ने कहा कि उन्होंने झूठ बोलने का ठेका ले लिया है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “उनकी सरकार कैसे बनेगी? सपा के लोग खुद ही गुंडागर्दी पर उतारू हैं। गायत्री प्रजापति की पत्नी विधायक हैं, कल उन्हीं के घर पर सपा के लोगों ने तोड़फोड़ और मारपीट की। ऐसे में कोई उन्हें वोट क्यों देगा?” उन्होंने आगे कहा कि सपा का ‘एमवाई’ (मुस्लिम-यादव) फैक्टर अब बिखर चुका है, क्योंकि अब तो यादव समाज के लोग भी भाजपा का झंडा थामे घूम रहे हैं।
परीक्षा और सार्वजनिक स्थानों पर नमाज पर भी दी सफाई
दिल्ली विश्वविद्यालय की परीक्षाओं और धर्म के आधार पर उन्हें टालने की मांगों पर राजभर ने स्पष्ट किया कि परीक्षाएं किसी धर्म या मजहब के हिसाब से नहीं टाली जा सकतीं। उन्होंने कहा कि अक्सर परीक्षाएं छुट्टियों के दिन आयोजित की जाती हैं और पढ़ने वाले छात्रों को परीक्षा देने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। हालांकि, उन्होंने छात्राओं के साथ हुई किसी भी प्रकार की हाथापाई की घटना की निंदा करते हुए इसे गलत बताया।
सार्वजनिक स्थानों पर नमाज या कुर्बानी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों का समर्थन करते हुए राजभर ने कहा कि हाईकोर्ट का स्पष्ट निर्देश है कि सड़क पर यातायात बाधित नहीं होना चाहिए। सीएम योगी उसी निर्देश का पालन सुनिश्चित करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम तो केवल सरकार पर आरोप लगाना है, जबकि सरकार केवल कोर्ट के आदेशों का पालन कर रही है।
- Tanya Mittal पहुंचीं Shatam Jeeva, Jhansi के 100 एकड़ के आयुर्वेद चिकित्सा केंद्र में, क्या है खास? - September 12, 2026
- दिल्ली यूनिवर्सिटी के हंसराज कॉलेज में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन सम्मान 2026: केंद्रीय हिंदी संस्थान के वरिष्ठ आचार्य प्रो. उमापति दीक्षित सम्मानित - September 11, 2026
- दिल्ली यूनिवर्सिटी के हंसराज कॉलेज में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन सम्मान 2026: केंद्रीय हिंदी संस्थान के वरिष्ठ आचार्य प्रो. उमापति दीक्षित सम्मानित - September 11, 2026