सऊदी अरब में बड़ा सड़क हादसा: मक्का से मदीना जा रही बस डीज़ल टैंकर से टकराई, 42 भारतीयों के जलकर मरने की आशंका

INTERNATIONAL

सऊदी अरब में सोमवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। मक्का से मदीना की ओर जा रही उमरा यात्रियों से भरी बस मुफ़्रिहात इलाके के पास एक डीज़ल टैंकर से टकरा गई। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, दुर्घटना में कम से कम 42 भारतीय श्रद्धालुओं के मारे जाने की आशंका है। इनमें कई तेलंगाना के हैदराबाद से होने की जानकारी मिली है।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में आग लग गई और कई यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल हुए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन दलों ने घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया।

तेलंगाना सरकार ने जारी किए निर्देश

हादसे के बाद तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने मुख्य सचिव के. रामकृष्णा राव और डीजीपी बी. शिवाधर रेड्डी को तुरंत विस्तृत जानकारी जुटाने और पीड़ित परिवारों की हर संभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार विदेश मंत्रालय (MEA) और सऊदी अधिकारियों के साथ समन्वय में बचाव और राहत कार्य पर नजर रख रही है।

पीड़ितों के परिजनों को जानकारी देने के लिए तेलंगाना सचिवालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। जारी हेल्पलाइन नंबर इस प्रकार हैं:

7997959754, 9912919545

भारतीय वाणिज्य दूतावास भी सक्रिय

जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने भी 24×7 कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया है और जानकारी के लिए टोल-फ्री नंबर 8002440003 जारी किया है। दूतावास घायलों और मृतकों की पहचान जुटाने में स्थानीय प्रशासन की मदद कर रहा है।

विदेश मंत्री ने व्यक्त की संवेदनाएं

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रियाद और जेद्दा स्थित भारतीय मिशन पीड़ितों व उनके परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। मंत्री ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

हादसे से जुड़े और विवरण अभी आने शेष हैं, स्थानीय प्रशासन और भारतीय दूतावास लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

-एजेंसी

Dr. Bhanu Pratap Singh