आगरा: ताजनगरी में साइबर अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ठगों ने एक बार फिर नए-नए हथकंडे अपनाकर दो अलग-अलग घटनाओं में लोगों को करीब 22 लाख रुपये की चपत लगाई है। पीड़ितों की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना आगरा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रेल के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
पीएनबी अधिकारी बनकर एफडी से निकाले 11 लाख
जगदीशपुरा के रहने वाले 71 वर्षीय बुजुर्ग को साइबर ठगों ने अपना शिकार बनाया। ठगों ने स्वयं को पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) का अधिकारी बताकर बुजुर्ग को फोन किया और पेंशन प्लान का लाभ देने का झांसा दिया। बातचीत के दौरान बुजुर्ग को एक एपीके फाइल डाउनलोड करने के लिए उकसाया गया। जैसे ही बुजुर्ग ने वह फाइल इंस्टॉल की, ठगों को उनके मोबाइल का रिमोट एक्सेस मिल गया।
आरोपियों ने मौके का फायदा उठाते हुए बुजुर्ग की एफडी (फिक्स्ड डिपॉजिट) तोड़कर उनके खाते से 11 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर कर लिए। बैंक से रुपये कटने का मैसेज आने पर बुजुर्ग को ठगी का अहसास हुआ।
फेसबुक पर ‘महक अरोरा’ से दोस्ती और क्रिप्टो का लालच
दूसरी घटना में एक युवक को फेसबुक के जरिए फंसाया गया। युवक को “महक अरोरा” नाम की एक फर्जी प्रोफाइल से फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली। बातचीत का दौर शुरू हुआ और भरोसा जीतने के बाद कथित महिला ने युवक को क्रिप्टोकरेंसी में निवेश करने पर 30 प्रतिशत मुनाफे का झांसा दिया।
जाल में फंसाने के लिए युवक को एक व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा गया। लालच में आकर युवक ने किश्तों में अलग-अलग बैंक खातों में कुल 11 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। रुपये जमा होते ही ठगों ने न केवल व्हाट्सएप ग्रुप बंद कर दिया बल्कि अपने मोबाइल नंबर भी बंद कर लिए।
पुलिस की चेतावनी और जांच
साइबर क्राइम थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों ही मामलों में पीड़ितों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, बैंक खातों की डिटेल और आईपी एड्रेस के जरिए आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर रही है।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अनजान लोगों के साथ सोशल मीडिया पर दोस्ती न करें और किसी भी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर अपने मोबाइल में संदिग्ध ‘एपीके फाइल’ (APK File) या ऐप बिल्कुल डाउनलोड न करें। बैंक कभी भी फोन पर आपसे फाइल डाउनलोड करने या पिन/ओटीपी साझा करने के लिए नहीं कहते हैं।
- ”ऊपर से आया है एफआईआर न दर्ज करने का आदेश”: दिल्ली पुलिस पर भड़के राहुल गांधी, पीड़ित परिवार के साथ धरने पर अड़े - August 21, 2026
- ‘ये लोग गिरगिट की तरह रंग बदलते हैं, पहले P का मतलब पिछड़ा बताया, फिर P का मतलब पंडित, एक दिन देखना P को पाकिस्तान बता देंगे’: CM योगी - August 21, 2026
- Agra News: 12 नवंबर को होगा श्री श्याम तीज महोत्सव भव्य श्याम अखाड़े में गूंजेगा बाबा श्याम का संकीर्तन, इत्र-पुष्प वर्षा से सजेगा श्याम दरबार - August 21, 2026