बाह-इटावा मार्ग पर ‘किलर’ डंपर का कहर: टेंपो को रौंदा, एक युवक की मौत, 5 की हालत नाजुक

स्थानीय समाचार

बाह (आगरा): ताजनगरी के बाह-इटावा मार्ग पर सोमवार देर रात रफ्तार का कहर देखने को मिला। थाना चित्राहाट क्षेत्र के अंतर्गत कचौरा घाट स्थित कमल नयन कोल्ड स्टोर के पास एक अज्ञात तेज रफ्तार डंपर ने सवारी टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य यात्री जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।

​भीषण टक्कर और चीख-पुकार

जानकारी के अनुसार, टेंपो में सवार यात्री अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे अनियंत्रित डंपर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर कोहराम मच गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।

​एक की मौत, पांच हायर सेंटर रेफर

हादसे में औरैया जिले के ग्राम पुराफकीरे (थाना फफूंद) निवासी भगवानदीन (पुत्र महाराज सिंह) को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, नगला इमली निवासी अजय, अभिषेक, चंद्र प्रकाश, छविकांत और बृजेश गंभीर रूप से घायल हुए हैं। चित्राहाट पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी जैतपुर पहुँचाया, जहाँ से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें आगरा के हायर सेंटर (S.N. Medical College) रेफर कर दिया गया है।

फरार चालक की तलाश में पुलिस

वारदात को अंजाम देने के बाद डंपर चालक वाहन सहित मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सवालों के घेरे में बाह-इटावा मार्ग

स्थानीय लोगों में इस मार्ग पर बढ़ते हादसों को लेकर भारी रोष है। गौरतलब है कि महज 5 दिन पहले इसी मार्ग पर एक बोलेरो पेड़ से टकरा गई थी, जिसमें एक ही परिवार के 5 लोगों की जान चली गई थी। लगातार हो रहे इन हादसों ने जिला प्रशासन की ट्रैफिक निगरानी और ओवरस्पीडिंग रोकने के दावों की पोल खोल दी है। ग्रामीणों ने इस मार्ग पर पुलिस गश्त बढ़ाने और स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है।

रिपोर्टर- नीरज परिहार

Dr. Bhanu Pratap Singh