हिमाचल प्रदेश में धर्मशाला विधानसभा भवन के मेन गेट पर रविवार सुबह अज्ञात तत्वों ने खालिस्तानी झंडा बांध दिया.
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस कृत्य को कायरतापूर्ण बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है. उन्होंने इस मामले पर दो ट्वीट किए-
1- “धर्मशाला विधानसभा परिसर के गेट पर रात के अंधेरे में खालिस्तान के झंडे लगाने वाली कायरतापूर्ण घटना की मैं निंदा करता हूं। इस विधानसभा में केवल शीतकालीन सत्र ही होता है इसलिए यहां अधिक सुरक्षा-व्यवस्था की आवश्यकता उसी दौरान रहती है।”
2- “इसी का फायदा उठाकर यह कायरतापूर्ण घटना को अंजाम दिया गया है, लेकिन हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस घटना की त्वरित जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
मैं उन लोगों को कहना चाहूंगा कि यदि हिम्मत है तो रात के अंधेरे में नहीं, दिन के उजाले में सामने आएं।”
कांगड़ा के एसपी ख़ुशहाल शर्मा ने एएनआई को बताया, ”यह घटना देर रात या बहुत सुबह हुई होगी. हमने विधानसभा गेट से उस खालिस्तानी झंडे को हटा दिया है. यह पंजाब से आए किसी टूरिस्ट का काम हो सकता है. हम इस मामले में आज केस दर्ज करेंगे.”
समाचार एजेंसी एएनआई ने धर्मशाला की एसडीएम के हवाले से बताया कि मामले की जांच की जा रही है.
एसडीएम ने बताया, ”इस मामले में हिमाचल प्रदेश ओपन प्लेसेज़ एक्ट 1985 के तहत मामला दर्ज किया जाएगा. हम लोगों के लिए यह जगाने वाली घटना है और हमें ज़्यादा सतर्क होकर काम करना होगा.”
मनीष सिसोदिया ने इसमें भी ढूंढ ली राजनीति
उधर यह मामला सामने आने के बाद दिल्ली के डिप्टी सीएम और आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है.
सोशल मीडिया साइट ट्विटर पर तजिंदर बग्गा मामले पर तंज़ कसते हुए उन्होंने लिखा, ”पूरी भाजपा एक गुंडे को बचाने में लगी है और उधर खालिस्तानी झंडे लगाकर चले गए.”
उन्होंने हिमाचल प्रदेश की भाजपा सरकार के बारे में आगे लिखा, ”जो सरकार विधानसभा न बचा पाए, वो जनता को कैसे बचाएगी. ये हिमाचल की आबरू का मामला है, देश की सुरक्षा का मामला है. भाजपा सरकार पूरी तरह फेल हो गई.”
हिमाचल प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होना है. पंजाब में मिली जीत के बाद उत्साहित आम आदमी पार्टी के यहां भी चुनाव में उतरने की पूरी संभावना है.
-एजेंसियां
- ”डरिए मत, आ जाइए… दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा”: राहुल गांधी ने पीएम मोदी को दी सार्वजनिक मंच पर खुली बहस की चुनौती - November 3, 2026
- ”डरिए मत, आ जाइए… दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा”: राहुल गांधी ने पीएम मोदी को दी सार्वजनिक मंच पर खुली बहस की चुनौती - November 3, 2026
- मुख्यमंत्री जी गुंडों को पनाह दे रहे हैं… कैबिनेट मंत्री राजभर के “सबसे बड़ा गुंडा” वाले बयान पर सपा सांसद पुष्पेंद्र सरोज का तीखा प्रहार - November 3, 2026