कंगना रनौत का बड़ा दावा: करण जौहर ने प्रियंका चोपड़ा को बॉलीवुड में बैन कर दिया था – Up18 News

कंगना रनौत का बड़ा दावा: करण जौहर ने प्रियंका चोपड़ा को बॉलीवुड में बैन कर दिया था

ENTERTAINMENT

 

प्रियंका चोपड़ा ने हाल ही एक इंटरव्यू में कहा किया वह करियर के पीक पर बॉलीवुड छोड़कर हॉलीवुड इसलिए गईं क्योंकि यहां उन्हें कॉर्नर कर दिया गया था और पॉलिटिक्स की जा रही थी।

प्रियंका चोपड़ा के इस खुलासे के बाद कंगना रनौत अब एक्ट्रेस के सपोर्ट में उतर आई हैं और सनसनीखेज दावा किया है। अपने बिंदास और बेबाक बयानों के लिए चर्चा में रहने वालीं कंगना रनौत ने दावा किया है कि करण जौहर ने प्रियंका को बॉलीवुड में बैन कर दिया था। कंगना रनौत ने प्रियंका चोपड़ा के साथ फिल्म ‘फैशन’ में काम किया था। इस फिल्म के लिए कंगना ने बेस्ट एक्ट्रेस का नैशनल अवॉर्ड भी जीता था।

प्रियंका चोपड़ा ने पॉडकास्ट शो ‘आर्मचेयर एक्सपर्ट’ में खुलासा किया कि उन्हें बॉलीवुड में कॉर्नर किया जा रहा था। उन्हें कुछ लोगों से दिक्कत हो रही थी। पॉलिटिक्स चल रही थी, जिससे वह थक चुकी थीं। प्रियंका के मुताबिक, उन्हें वैसा काम नहीं मिल रहा था, जिसकी दरकार थी। वह बॉलीवुड से निकलने की फिराक में थीं और जब मौका मिला तो हॉलीवुड की राह पकड़ ली। इसी पर कंगना रनौत ने रिएक्ट करते हुए मंगलवार यानी 28 मार्च की सुबह एक ट्वीट किया और प्रियंका का सपोर्ट किया।

करण जौहर ने प्रियंका को बैन किया

कंगना रनौत ने ट्वीट किया, ‘प्रियंका का बॉलीवुड के बारे में कहना है कि लोगों ने उनके खिलाफ गुट बना लिया था। उन्हें बुली किया और फिल्म इंडस्ट्री से निकाल दिया। जिस महिला ने अपने दम पर सब हासिल किया, उसे भारत छोड़ने को मजबूर कर दिया गया। हर कोई जानता है कि करण जौहर ने उन्हें बैन कर दिया था।’

करण जौहर ने बॉलीवुड को बर्बाद कर दिया

कंगना ने दो और ट्वीट किए हैं, जिनमें लिखा है, ‘मीडिया ने करण जौहर के साथ प्रियंका के मनमुटाव के बारे में खूब लिखा क्योंकि शाहरुख के साथ उनकी दोस्ती थी। हमेशा से ही ऐसे आउटसाइडर्स की तलाश में रहने वाले मूवी माफिया को प्रियंका चोपड़ा के रूप में सही पंचिंग बैग मिल गया। उन्हें इस हद तक हैरेस किया गया कि भारत छोड़कर ही जाना पड़ा।’

कंगना ने करण जौहर पर धावा बोलते हुए लिखा है, ‘इस अप्रिय, ईर्ष्यालु, मतलबी और जहरीले व्यक्ति को फिल्म इंडस्ट्री के कल्चर और वातावरण को बर्बाद करने के लिए जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए। फिल्म इंडस्ट्री एबी या शाहरुख जैसे आउटसाइडर्स के दिनों में बाहरी लोगों के लिए बिल्कुल भी ऐसी नहीं थी। इस आदमी के गिरोह और माफिया पीआर पर छापा मारा जाना चाहिए और बाहरी लोगों को परेशान करने के लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।’

अब क्या बोलेंगे करण जौहर?

कंगना रनौत और प्रियंका चोपड़ा के बयानों ने सनसनी मचा दी है। अब देखना यह होगा कि इस पर करण जौहर या फिर अन्य बॉलीवुड सेलेब्स किस तरह रिएक्ट करेंगे। मालूम हो कि कंगना रनौत पहले भी कई बार करण जौहर पर निशाना साध चुकी हैं और वह उन्हें बॉलीवुड में नेपोटिजम को बढ़ावा देने के लिए जिम्मेदार ठहराती रही हैं। कंगना अब जल्द ही फिल्म ‘इमरजेंसी’ में नजर आएंगी, वहीं प्रियंका के पास दो प्रोजेक्ट हैं- ‘सिटाडेल’ और ‘लव अगेन’।

Dr. Bhanu Pratap Singh