उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बलरामपुर जिले के कालू बनकट-बिलरिया गांव के पास एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्षी दलों समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक प्रहार किया। इस दौरान उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें राजनीतिक दम है तो वे आगामी चुनाव अयोध्या से लड़कर दिखाएं, वह उनसे दो-दो हाथ करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इस दौरे पर मुख्यमंत्री ने उतरौला और बलरामपुर सदर विधानसभा क्षेत्रों के विकास के लिए लगभग 803 करोड़ रुपये की लागत वाली 78 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
’सपा के पीडीए का मतलब परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’
सपा के ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे पर जोरदार कटाक्ष करते हुए सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी असल में इस नारे के जरिए अपने परिवार का विकास करना चाहती है। पार्टी में पीडीए नहीं बल्कि ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ चल रही है। राज्यसभा प्रत्याशियों के चयन का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ने एक सीट पर अपने परिवार के सदस्य (चाहे रामगोपाल यादव हों) को मौका दिया और दूसरी सीट भारी-भरकम धन लेकर किसी धन्नासेठ को बेच दी। उन्होंने कहा कि सपा की सूचियों में दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों या किसी भी योग्य सवर्ण प्रतिनिधि के लिए कोई जगह नहीं होती।
’सपा को विकास नहीं, उपद्रव और माफियागिरी पसंद’
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि सपा शासनकाल में बलरामपुर को माफियाओं, भू-माफियाओं और तस्करी का गढ़ बना दिया गया था, जबकि पिछले दस वर्षों की एनडीए सरकार ने जिले को विकास की एक नई मुख्यधारा से जोड़ा है। उन्होंने मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय, अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज, रिंग रोड, रेलवे ओवरब्रिज और थारू संग्रहालय जैसी बड़ी परियोजनाओं का हवाला देते हुए कहा कि आज पूरे प्रदेश में सड़कों और पुलों का जाल बिछाया जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “माफियाओं की कब्र पर फातिहा पढ़ने वालों को विकास की यह राजनीति कभी रास नहीं आ सकती।”
जनप्रतिनिधियों के कार्यों की सराहना और कानून व्यवस्था की चेतावनी
इस दौरान सीएम योगी ने स्थानीय विधायकों सदर विधायक पल्टूराम, उतरौला विधायक रामप्रताप वर्मा और तुलसीपुर विधायक कैलाशनाथ शुक्ला के विकास कार्यों की सराहना की। वहीं, गैसड़ी विधानसभा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह ‘शैलू’ की मामूली अंतर से हार के कारण जनता को विकास की गति में कुछ रुकावट झेलनी पड़ी।
बलरामपुर की जनसांख्यिकी को बदलने की कोशिश करने वालों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले हर असामाजिक तत्व के लिए केवल जेल में ही जगह होगी। सरकार युवाओं, किसानों और माताओं-बहनों की सुरक्षा एवं समृद्धि के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
- CM योगी की अखिलेश यादव को खुली चुनौती, बोले- दम है तो अयोध्या से लड़ें चुनाव, दो-दो हाथ को तैयार हूं - October 10, 2026
- दिल्ली में भारी राजनीतिक ड्रामा: मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग पर प्रदर्शन करने पहुंचे अरविंद केजरीवाल समेत AAP नेता हिरासत में - October 10, 2026
- आगरा रामलीला महोत्सव: अयोध्या में गूंजे मंगल गीत; ब्रह्म मुहूर्त में राजा दशरथ के निवास पहुंचे सिया-राम, मां कौशल्या ने उतारी आरती - October 10, 2026