आगरा। जनपद के थाना बसई अरेला क्षेत्र में एक महिला के साथ ससुराल पक्ष द्वारा की गई दरिंदगी की रूह कंपा देने वाली कहानी सामने आई है। दो बेटियों के जन्म को ‘गुनाह’ मानकर ससुरालियों ने पीड़िता का जीना दूभर कर दिया। मामला तब और गंभीर हो गया जब महिला ने अपने दो जेठों पर दुष्कर्म और छेड़छाड़ जैसे घिनौने आरोप लगाए। गुरुग्राम तक पीछा किए जाने और लगातार मिल रही धमकियों के बाद, अब आगरा पुलिस ने पति और पूर्व प्रधान समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दहेज और बेटियों के नाम पर शुरू हुआ ‘खूनी खेल’
वर्ष 2014 में स्याहीपुरा निवासी अखिलेश शर्मा के साथ परिणय सूत्र में बंधी पीड़िता की जिंदगी दो बेटियों के जन्म के बाद नर्क बन गई। आरोप है कि पति, सास, ननद और जेठानी मिलकर दहेज के लिए उसे पीटते थे। पीड़िता का सबसे चौंकाने वाला आरोप यह है कि उसका पति उसे अपने दोस्तों के साथ संबंध बनाने के लिए मजबूर करता था और विरोध करने पर बेरहमी से मारपीट की जाती थी।
पूर्व प्रधान जेठ पर बलात्कार का आरोप
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि उसके दो जेठ, जिनमें से एक (संतोष शर्मा) गांव का पूर्व प्रधान है, उसके साथ अश्लील हरकतें और बलात्कार करते थे। जब उसने अपनी आपबीती पति और सास को बताई, तो न्याय मिलने के बजाय उसे यह कहकर पीटा गया कि “हमारे घर में ऐसा ही होता है।” आरोपी जेठ प्रधानी की धौंस दिखाकर पुलिस की धमकी देता था और अंततः उसे घर से निकाल दिया गया।
गुरुग्राम में भी नहीं मिला चैन, सर्दी में बेसहारा छोड़ीं मासूम बेटियां
ससुराल से ठुकराए जाने के बाद महिला गुरुग्राम में नौकरी करने लगी, लेकिन वहां भी प्रताड़ना का सिलसिला थमा नहीं। पति फोन और व्हाट्सएप पर धमकियां देता रहा। हद तो तब हो गई जब पति दोनों मासूम बेटियों को लेकर गुरुग्राम पहुँचा और कड़कड़ाती ठंड में उन्हें पीड़िता के कमरे के बाहर लावारिस छोड़कर भाग गया।
पुलिस के पास ऑडियो-वीडियो सबूत, जांच शुरू
पीड़िता ने हार मानने के बजाय गुरुग्राम पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुग्राम डीसीपी क्राइम के हस्तक्षेप के बाद मामला आगरा स्थानांतरित किया गया। पीड़िता ने सबूत के तौर पर पुलिस को कई ऑडियो रिकॉर्डिंग्स, वीडियो और चैट सौंपे हैं। थाना बसई अरेला पुलिस ने पति अखिलेश, सास मीना, जेठ मुनेश व संतोष समेत सात नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
- बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर जे एन टंडन ने अपने पिता कामरेड महादेव नारायण टंडन के बारे में यह क्या कह दिया - April 28, 2026
- जनतंत्र में शिक्षा शास्त्र: लोकतंत्र के प्रहरी तैयार करने का ऐतिहासिक संकल्प, महादेव नारायण टंडन को श्रद्धांजलि - April 28, 2026
- गाय को राष्ट्र माता घोषित कराने के लिए एक ही दिन 5000 तहसीलदारों को ज्ञापन - April 28, 2026