आगरा। जनपद के थाना शमशाबाद क्षेत्र स्थित धिमश्री गांव में छेड़छाड़ का विरोध करने पर दबंगों द्वारा एक परिवार पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोपियों ने न केवल महिला के साथ अभद्रता की, बल्कि बाद में लाठी-डंडों से लैस होकर पीड़ित के घर में घुसकर पूरे परिवार को लहूलुहान कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें हमले की भयावहता साफ देखी जा सकती है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़िता सोनिया ने बताया कि वह गांव में स्थित सरकारी सबमर्सिबल पर पानी भरने गई थी। आरोप है कि वहाँ मौजूद कृष्णकांत और अजयकांत ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। सोनिया ने साहस दिखाते हुए इसका कड़ा विरोध किया और वहां से अपने घर वापस आ गई। यह विरोध दबंगों को इतना नागवार गुजरा कि उन्होंने बदले की भावना से एक सुनियोजित हमला कर दिया।
हमले में परिवार के कई सदस्य घायल
आरोप है कि कुछ देर बाद ही विजयकांत, रमेश चंद, रजनी, इंद्रवती, कृष्णकांत और अजयकांत समेत कई लोग लाठी-डंडों और पत्थरों से लैस होकर पीड़ित के घर पहुंच गए। घर के अंदर घुसते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और परिवार के सदस्यों पर टूट पड़े। इस हमले में सुरेश चंद, सुनील, विशाल, किट्टू और सोनिया गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावरों ने परिवार के एक बुजुर्ग व्यक्ति को भी नहीं बख्शा और उन्हें बुरी तरह पीटा।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पीड़ित सुनील ने 3 जुलाई की रात थाना शमशाबाद में आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी।
पुलिस की कार्रवाई
वायरल वीडियो और पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर सभी दोषियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। इस हिंसक घटना के बाद गांव में भारी तनाव का माहौल है, जिसके चलते सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
- श्री रामलीला महोत्सव 2026: हनुमान जी के पराक्रम से धू-धू कर जली स्वर्ण लंका, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा रामलीला मैदान - October 15, 2026
- आगरा में दशहरा शोभायात्रा से पहले घमासान: समिति गठन को लेकर भाजपा और सपा समर्थित गुट आमने-सामने, डीसीपी कार्यालय पहुंचा विवाद - October 15, 2026
- आगरा में साइबर ठगी के दो बड़े मामले: डिजिटल लॉक तोड़ने के बाद खाते से निकाले रुपये, तो एपीके लिंक से 9.80 लाख की चपत - October 15, 2026