आगरा। सिकंदरा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में डीवीवीएनएल के जूनियर इंजीनियर (जेई) शैलेन्द्र सिंह (48) की बेटे की आंखों के सामने मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार दहतोरा रोड स्थित ब्रज द्वारिका कॉलोनी निवासी शैलेन्द्र सिंह डीवीवीएनएल में जेई के पद पर कार्यरत थे और उनकी तैनाती छटीकरा, मथुरा में थी। उनके बेटे राजन सिंह, जो पेशे से बैडमिंटन कोच हैं, ने बताया कि पिछले करीब दस दिनों से कार खराब होने के कारण पिता बस से ही ड्यूटी पर आते-जाते थे। रोज की तरह शनिवार रात भी राजन बाइक से उन्हें लेने सिकंदरा तिराहे पहुंचे थे।
बताया गया कि रात करीब 12 बजे शैलेन्द्र सिंह बस से उतरकर सड़क पार कर बेटे की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटों के चलते मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी नीलम और दो बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस के अनुसार घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से ट्रक और चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही आरोपी को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।
- साइबर ठगी का नया पैंतरा: वॉट्सएप पर फर्जी बैंकिंग ट्रांजैक्शन मैसेज भेजकर डरा रहे अपराधी, YES/NO’ वाले संदेशों से रहें पूरी तरह सावधान - September 24, 2026
- रायबरेली से अखिलेश यादव का मिशन-2027 का शंखनाद: पीडीए रथयात्रा के आगाज के साथ भाजपा सरकार पर बोला तीखा हमला, कहा- गठबंधन के साथ लड़ेंगे यूपी का चुनाव - September 24, 2026
- आगरा विकास प्राधिकरण का सख्त रुख: नवागत उपाध्यक्ष ने ग्रेटर आगरा और अटलपुरम टाउनशिप का किया औचक निरीक्षण, धीमे काम पर जताई नाराजगी - September 24, 2026